देहरादून। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आज भाजपा प्रदेश कार्यालय, देहरादून में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बी.एल. संतोष, प्रदेश प्रभारी राम माधव, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) फणींद्रनाथ शर्मा ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। भगवान बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज के अधिकारों, स्वाभिमान और सांस्कृतिक पहचान की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण संघर्ष किया। उनका जीवन देश की स्वतंत्रता, सामाजिक चेतना और जनजातीय अस्मिता के इतिहास में सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
इस अवसर पर प्रदेश सह-प्रभारी अरविंद मेनन, सांसद सुश्री बांसुरी स्वराज सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, नेता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम के माध्यम से जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति, परंपराओं और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को स्मरण किया गया।
जनजातीय गौरव दिवस पर भाजपा नेताओं ने किया भगवान बिरसा मुंडा को नमन, पुष्पांजलि अर्पित कर दी श्रद्धांजलि













