मेला प्रशासन सभी अखाड़ों में पहुंचकर संत-महापुरुषों से करे संवाद, समस्याओं का समय रहते हो समाधान : श्री महंत सत्य गिरी महाराज


कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर आह्वान अखाड़े में मंथन, श्री महंत अजय गिरी बने अखाड़े के सचिव

हरिद्वार। पंचदशनाम श्री आह्वान अखाड़े के संत-महापुरुषों एवं रमते पंच की एक महत्वपूर्ण बैठक भूपतवाला स्थित अखाड़े में आयोजित की गई। बैठक में आगामी कुंभ एवं अर्धकुंभ मेले की तैयारियों, अखाड़ों की व्यवस्थाओं, संतों की आवश्यकताओं तथा मेला प्रशासन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान संत-महापुरुषों ने मेला प्रशासन से सभी अखाड़ों में पहुंचकर संतों से सीधा संवाद स्थापित करने और उनकी समस्याओं का समय रहते समाधान करने का आग्रह किया।
बैठक को संबोधित करते हुए पंचदशनाम श्री आह्वान अखाड़े के राष्ट्रीय महामंत्री परम पूज्य श्री महंत सत्य गिरी जी महाराज ने कहा कि संत-महापुरुष सनातन संस्कृति के प्रमुख संवाहक हैं और कुंभ मेला सनातन परंपरा, अध्यात्म, आस्था एवं संस्कृति का सबसे बड़ा महापर्व है। कुंभ केवल स्नान और धार्मिक आयोजनों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सनातन धर्म की आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक एकता, सद्भाव और गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि कुंभ मेले में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु, संत-महात्मा और धर्मप्रेमी पहुंचते हैं। ऐसे में मेला प्रशासन की जिम्मेदारी है कि सभी अखाड़ों में संतों की आवश्यकताओं के अनुरूप मूलभूत सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं। प्रशासन को अखाड़ों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर संत-महापुरुषों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनना चाहिए, ताकि कुंभ मेले की व्यवस्थाएं सुचारु, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाई जा सकें।
श्री महंत अजय गिरी को सौंपी अखाड़े के सचिव की जिम्मेदारी
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से परम पूज्य श्री महंत अजय गिरी जी महाराज को पंचदशनाम श्री आह्वान अखाड़े का सचिव नियुक्त किया गया। उनकी नियुक्ति पर उपस्थित संत-महापुरुषों ने हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दीं। संतों ने विश्वास जताया कि श्री महंत अजय गिरी महाराज अपने अनुभव एवं समर्पण से अखाड़े की गौरवशाली परंपराओं, धार्मिक गतिविधियों और संगठनात्मक व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूती प्रदान करेंगे।
इस अवसर पर राष्ट्रीय महामंत्री श्री महंत सत्य गिरी जी महाराज, महंत हरिहर पुरी महाराज, कोषाध्यक्ष श्री महंत नरेश गिरी महाराज, महंत जय भारती महाराज, महंत अक्षय गिरी महाराज, रमते पंच एवं थानापति किशन पुरी महाराज, श्री महंत सचिव अनिल पुरी महाराज, श्री महंत सचिव रुद्र गिरी महाराज, नवनियुक्त श्री महंत सचिव अजय गिरी महाराज, श्री महंत गोपाल गिरी महाराज सहित बड़ी संख्या में संत-महापुरुष उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *