श्री अखंड परशुराम अखाड़े ने मनायी गोपाष्टमी,गाय को दिया जाए राष्ट्र माता का दर्जा-पंडित अधीर कौशिक


हरिद्वार, 17 नवम्बर। श्री अखंड परशुराम अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक के नेतृत्व में गौपाष्टमी का पर्व श्रद्धा व भक्ति के साथ मनाया गया। अखाड़े के विद्यार्थियों और गौ भक्तों ने भगत सिंह गौशाला में गायों का तिलक कर उनकी आरती उतारी और चारा खिलाया तथा नियमित रूप से गौ सेवा करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर श्री अखंड परशुराम अखाड़ा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने केंद्र सरकार से गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने की मांग करते हुए कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और करोड़ों लोगों की आस्था का अभिन्न अंग हैं। भारतीय समाज में प्राचीन काल से ही गाय को माता के रूप में पूजनीय स्थान दिया गया है। उन्होंने कहा कि गौ माता केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं हैं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था और कृषि व्यवस्था में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। गाय से प्राप्त दूध, गोबर और अन्य उत्पाद ग्रामीण जीवन और किसानों की आजीविका से जुड़े हुए हैं। ऐसे में गौ माता का सम्मान, संरक्षण और संवर्धन करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि गोपाष्टमी का पर्व हमें गौ माता के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और उनकी सेवा के लिए आगे आने की प्रेरणा देता है। इस अवसर पर अरुण तिवारी, ऋषि शर्मा, संदीप शर्मा, पवन भगवा, पंडित संजय शास्त्री, जलज कौशिक, गौरी शर्मा, ओमपाल, संजय, पवन और श्याम सहित बड़ी संख्या में गो भक्त मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *