सभी अखाड़ों के संत-महापुरुषों की रही गरिमामयी उपस्थिति, सनातन धर्म की रक्षा और संस्कृति के संवर्धन का लिया संकल्प
हरिद्वार। श्री पंचायती अखाड़ा निरंजनी के आराध्य एवं इष्ट देव भगवान कार्तिकेय की जयंती श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर सभी अखाड़ों के संत-महापुरुषों, महामंडलेश्वरों, धर्माचार्यों एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान कार्तिकेय की पूजा-अर्चना की और विश्व कल्याण, सुख-समृद्धि एवं शांति की मंगलकामना की।

अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी महाराज तथा निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी के संयोजन में अखाड़े स्थित मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान कार्तिकेय का पूजन पूर्ण विधि-विधान से संपन्न हुआ। संतों ने भगवान के समक्ष शीश नवाकर सनातन धर्म की उन्नति और मानव कल्याण की प्रार्थना की।
जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज ने कहा कि भगवान शिव के पुत्र कार्तिकेय श्री पंचायती अखाड़ा निरंजनी के आराध्य एवं इष्ट देव हैं। वे परम ज्ञानी और परम साधक हैं। भगवान कार्तिकेय की आराधना करने से जीवन में सुख-समृद्धि, यश और कीर्ति की प्राप्ति होती है। उनकी कृपा से भक्तों के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और धर्म के प्रति समर्पण की भावना जागृत होती है।

अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी महाराज ने सभी को कार्तिकेय जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान कार्तिकेय के आदर्शों और दिखाए मार्ग का अनुसरण करते हुए निरंजनी अखाड़ा सनातन धर्म एवं भारतीय संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन में निरंतर योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि संत समाज का दायित्व केवल धर्म का प्रचार करना ही नहीं, बल्कि समाज को संस्कार, सदाचार और आध्यात्मिक चेतना से जोड़ना भी है। उन्होंने सभी से धर्मानुकूल आचरण करते हुए सनातन धर्म को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
निरंजनी अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि एवं आनंद पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी बालकानंद गिरि ने कहा कि आदि गुरु शंकराचार्य ने धर्म की रक्षा और सनातन परंपराओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से अखाड़ों की स्थापना की थी। उन्होंने धर्म रक्षा के लिए शास्त्र और शस्त्र दोनों को अपनाने का आह्वान किया था। तभी से अखाड़े अपने इस महान दायित्व का निर्वहन करते आ रहे हैं। जब-जब राष्ट्र और धर्म पर संकट आया, अखाड़ों के संतों ने आगे बढ़कर धर्म और राष्ट्र की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

महानिर्वाणी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रविंद्रपुरी, महामंडलेश्वर स्वामी करौली शंकर महाराज एवं मुखिया महंत भगतराम ने कहा कि अखाड़े सनातन धर्म और संस्कृति की रक्षा के साथ-साथ विभिन्न सेवा प्रकल्पों के माध्यम से समाज के कमजोर, असहाय और जरूरतमंद वर्ग की सेवा में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। संत समाज का उद्देश्य आध्यात्मिक चेतना के साथ सामाजिक समरसता और मानव सेवा को बढ़ावा देना है।
इस अवसर पर श्रीमहंत रामरतन गिरी, महंत दिनेश गिरी एवं महंत राजगिरी ने सभी संत-महापुरुषों का फूलमालाएं पहनाकर स्वागत किया और कार्यक्रम में सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में महामंडलेश्वर स्वामी हरिचेतनानंद, महामंडलेश्वर स्वामी प्रबोधानंद गिरि, महंत बलवीर गिरि, महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरि, महंत राघवेंद्र दास, महंत दर्शन भारती, महंत हरगोविंदपुरी, स्वामी ऋषिश्वरानंद, संत जगजीत सिंह, महंत दामोदर शरण दास, बाबा हठयोगी, महंत सतीश वन, महंत नरेश गिरि, महंत राजेंद्र भारती, महंत शुभम गिरि, स्वामी चिदविलासानंद, महंत बलवंत सिंह, महामंडलेश्वर स्वामी रामेश्वरानंद सरस्वती, स्वामी आशुतोष महाराज, स्वामी भूपेंद्र गिरि, महंत केशवपुरी, महंत संपूर्णानंद, स्वामी रविपुरी, स्वामी आशुतोष पुरी, मेयर किरण जैसल, एसएसपी नवनीत सिंह, प्रोफेसर सुनील बत्रा, डॉ. उमेश सचान सहित कुंभ मेले के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।













