हरिद्वार। दिल्ली पब्लिक स्कूल, दौलतपुर के छात्र सिद्धांत ने 29 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक पीएनएन मोहन पब्लिक स्कूल, गाजियाबाद में आयोजित सीबीएसई नॉर्थ ज़ोन-1 स्केटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-19 बालक इनलाइन स्केटिंग श्रेणी में कांस्य पदक जीतकर विद्यालय एवं क्षेत्र का गौरव बढ़ाया।
कड़े मुकाबले और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच आयोजित इस प्रतियोगिता में सिद्धांत ने असाधारण धैर्य, अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना का परिचय दिया। विशेष बात यह रही कि यह रोमांचक दौड़ रात्रि 2 बजे आयोजित हुई, जिसमें सिद्धांत ने अपनी प्रतिभा और अदम्य इच्छाशक्ति का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।
विद्यालय के प्रो-वाइस चेयरमैन श्री विकास गोयल एवं प्रधानाचार्या श्रीमती पूनम श्रीवास्तव ने सिद्धांत को इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि सिद्धांत की सफलता पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व और प्रसन्नता का विषय है। उन्होंने उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वह भविष्य में भी अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा से सफलता के नए आयाम स्थापित करेगा।
डी.पी.एस. दौलतपुर परिवार ने सिद्धांत एवं उनके कोच श्री संजीत नेगी को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।













