दंडवत यात्रा के माध्यम से स्वामी करौली शंकर महाराज ने दिया सेवा, साधना और गंगा स्वच्छता का संदेश
हरिद्वार (कमल शर्मा)। श्री मिश्री मठ के तत्वावधान एवं महामंडलेश्वर स्वामी करौली शंकर महाराज के सानिध्य में दक्ष मंदिर से प्रारंभ हुई दंडवत यात्रा का श्री मानव कल्याण आश्रम में पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। आश्रम के परमाध्यक्ष महंत स्वामी दुर्गेशानंद सरस्वती महाराज, स्वामी हंसानंद सरस्वती तथा आश्रम के मैनेजिंग ट्रस्टी अनिरुद्ध भाटी के संयोजन में संतों एवं श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वामी करौली शंकर महाराज और यात्रा में शामिल भक्तों का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर श्री मानव कल्याण आश्रम के परमाध्यक्ष महंत स्वामी दुर्गेशानंद सरस्वती महाराज ने कहा कि सनातन संस्कृति के संदेशवाहक महामंडलेश्वर स्वामी करौली शंकर महाराज के नेतृत्व में निकाली जा रही दंडवत यात्रा अपने आप में एक अनूठी पहल है। यह यात्रा श्रद्धा, भक्ति और समर्पण की भावना को प्रदर्शित करने के साथ ही सावन यात्रा की अनुपम छवि प्रस्तुत कर रही है। इस प्रकार के धार्मिक आयोजन सनातन संस्कृति की परंपराओं को नई ऊर्जा प्रदान करते हैं।
स्वामी हंसानंद सरस्वती ने कहा कि स्वामी करौली शंकर महाराज ने हरिद्वार की पावन धरा पर सेवा और साधना का एक नया स्वरूप प्रस्तुत किया है। दंडवत यात्रा के पश्चात गंगा स्वच्छता अभियान को भी इसमें शामिल करना मां गंगा के प्रति सच्ची श्रद्धा और भक्ति का प्रतीक है। धर्म और अध्यात्म के साथ स्वच्छता का संदेश समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
आश्रम के मैनेजिंग ट्रस्टी अनिरुद्ध भाटी ने कहा कि महामंडलेश्वर स्वामी करौली शंकर महाराज एवं उनके शिष्य तीर्थनगरी हरिद्वार में मां गंगा के प्रति अपना समर्पण भाव प्रकट करते हुए गंगा को स्वच्छ रखने का संदेश दे रहे हैं। यह पहल प्रत्येक श्रद्धालु को मां गंगा के प्रति अपने कर्तव्यों का बोध कराती है। गंगा की स्वच्छता और निर्मलता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि धार्मिक यात्राओं के माध्यम से जब आस्था के साथ सामाजिक सरोकारों को जोड़ा जाता है, तो उसका सकारात्मक संदेश दूर तक पहुंचता है।
इस अवसर पर आश्रम के प्रबंधक एसके मिश्रा, संजय वर्मा, पुजारी पवन सेमवाल, मिथिलेश मिश्रा, महेंद्र चौधरी, अर्पित मिश्रा, दिव्यम यादव, प्रमोद गिरी, मयंक, प्रियंक, बिट्टू, ओंकार, अमित मिश्रा, आयुष सहित अनेक श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।













