कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा होंगे मुख्य अतिथि, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद करेंगे अध्यक्षता
हरिद्वार (कमल शर्मा)। नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) की हरिद्वार इकाई के तत्वावधान में अमर शहीद एवं निर्भीक पत्रकार गणेश शंकर विद्यार्थी की जयंती के अवसर पर रविवार, 25 अक्टूबर को प्रेस क्लब सभागार में विभूति सम्मान एवं शपथ ग्रहण समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। समारोह में पत्रकारिता के मूल्यों, निष्पक्षता, निर्भीकता और जनहित के प्रति समर्पण का संदेश दिया जाएगा। साथ ही संगठन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
समारोह में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे, जबकि पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। न्यूज़18 उत्तराखंड के राज्य प्रभारी अनुपम त्रिवेदी मुख्य वक्ता के रूप में पत्रकारिता की भूमिका और उसके सामाजिक दायित्वों पर अपने विचार रखेंगे।
कार्यक्रम के दौरान संगठन के नवनिर्वाचित अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा, महामंत्री जोगेंद्र सिंह मावी सहित नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी। गणेश शंकर विद्यार्थी की जयंती पर आयोजित यह समारोह निर्भीक पत्रकारिता की परंपरा को सम्मान देने और पत्रकारों के बीच संगठनात्मक एकजुटता को मजबूत करने का अवसर बनेगा।
तैयारियों को दिया अंतिम रूप
समारोह को सफल बनाने के लिए शनिवार को प्रेस क्लब में एनयूजेआई के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया। पदाधिकारियों ने पत्रकारों और गणमान्य नागरिकों से समारोह में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने की अपील की।
बैठक में प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी, महामंत्री सूर्यकांत बेलवाल, सुनील दत्त पांडेय, आदेश त्यागी, रामचंद्र कनौजिया, राहुल वर्मा, बालकृष्ण शास्त्री, तनवीर अली, विकास कुमार झा और सचिन कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
गणेश शंकर विद्यार्थी जयंती पर गूंजेगी निर्भीक पत्रकारिता की आवाज, NUJI का शपथ ग्रहण एवं विभूति सम्मान समारोह













