हरिद्वार। भूपतवाला स्थित जम्मू यात्री भवन ट्रस्ट में धार्मिक परंपराओं और वैदिक रीति-रिवाजों के अनुरूप महंत श्री पवन दास शास्त्री के शिष्य बलदेव दास जी महाराज का पट्टाभिषेक कार्यक्रम श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। समारोह में महंत रविंद्र पुरी महाराज का पावन सानिध्य रहा। इस अवसर पर 13 अखाड़ों के संत-महंतों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
पट्टाभिषेक समारोह में संत समाज ने गुरु-शिष्य परंपरा, सनातन धर्म की मर्यादाओं और धार्मिक परंपराओं के संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उपस्थित संत-महंतों ने धर्म, सेवा, साधना और समाज कल्याण के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संदेश दिया। उन्होंने महंत पवन दास शास्त्री जी को उनके दायित्वों के सफल निर्वहन के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
कार्यक्रम में शरण दास जी, महंत हरिदास जी, महंत गणेश दास जी, महंत किशन दास जी, महंत जयराम दास जी, अंकित जी महाराज, महंत परमेश्वर दास जी एवं महंत जगदीश दास जी सहित अनेक संत-महंत उपस्थित रहे। संतों की गरिमामयी मौजूदगी में धार्मिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुए इस आयोजन में सनातन संस्कृति और संत परंपरा के प्रति श्रद्धा का भाव देखने को मिला।
इस अवसर पर जम्मू यात्री भवन ट्रस्ट की ओर से श्रीमती राज शास्त्री, श्री सुखदेव शर्मा (कार्यसमिति सदस्य), श्याम सिंह (मुख्य महाप्रबंधक, जम्मू यात्री भवन ट्रस्ट, हरिद्वार), रोहित शर्मा (पीआरओ), दिनेश भट्ट, पुनीत कुमार द्विवेदी, भुवन भट्ट सहित ट्रस्ट के अन्य सेवक भी मौजूद रहे।
समारोह का समापन संत-महंतों के आशीर्वाद और धार्मिक उत्साह के बीच हुआ। कार्यक्रम ने गुरु-शिष्य परंपरा की महत्ता को रेखांकित करते हुए धर्म, सेवा और जनकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।













