कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने रुड़की में डामरीकृत सड़क का किया उद्घाटन, निर्माणाधीन कलगीधर द्वार का निरीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निर्माण के दिए निर्देश
रुड़की। क्षेत्र में विकास एवं जन-सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार प्रयासरत कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने बुधवार को रुड़की के रामनगर स्थित गली नंबर-2 में BMSDBC (डामरीकृत सड़क) तकनीक से निर्माणाधीन सड़क का उद्घाटन एवं स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन कलगीधर द्वार का भी निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विकास कार्यों में उच्चतम गुणवत्ता के साथ समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर सड़क एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं का लाभ समय पर मिल सके।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार आधुनिक और मजबूत बुनियादी ढांचे के विकास के लिए पूरी तरह संकल्पित है। सरकार का उद्देश्य विकास कार्यों को धरातल पर प्रभावी ढंग से उतारते हुए आमजन को बेहतर जन-सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि रुड़की परिवार की सुख-समृद्धि और सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। क्षेत्र में सड़क, यातायात, आधारभूत संरचना और जन-सुविधाओं से जुड़े कार्यों को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है।
कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता न हो। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का वास्तविक लाभ जनता तक पहुंचना ही सरकार की प्राथमिकता है।
द्वारा जारी:
कार्यालय, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा
उत्तराखंड सरकार













