रुड़की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बुधवार को रुड़की में ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ निकाली गई। बीएसएम कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में हजारों की संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग शामिल हुए। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के संबोधन का वर्चुअल प्रसारण किया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में वडनगर के स्कूली जीवन से लेकर गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री बनने तक के सफर का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस लंबे सार्वजनिक जीवन में जीत ने विनम्रता, हार ने दोबारा खड़े होने, आलोचनाओं ने आत्ममंथन और विरोध ने लोकतंत्र की शक्ति को समझने का अवसर दिया।
प्रधानमंत्री ने करोड़ों स्वयंसेवकों को अपनी ताकत बताते हुए कहा कि 25 वर्षों में मिला जनविश्वास देश की पूंजी है। उन्होंने 2047 तक विकसित भारत के संकल्प के साथ ‘सबका प्रयास’ और ‘We Will Do It’ का संदेश दिया।
त्रिवेंद्र सिंह रावत बोले—सेवा और राष्ट्र निर्माण का संकल्प आगे बढ़ाने का अवसर
हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पड़ाव हैं। उन्होंने कहा कि सेवा ज्योति कलश यात्रा का उद्देश्य प्रधानमंत्री के सेवा भाव और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं एवं आमजन से सेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
प्रदीप बत्रा बोले—सेवा संकल्प अभियान जनभागीदारी को मजबूत करने का माध्यम
कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि ‘सेवा संकल्प’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा और समर्पण की भावना को मजबूत करने वाला अभियान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर निकाली जा रही सेवा ज्योति कलश यात्रा उनके सेवा भाव और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से इस अभियान को और व्यापक बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री फणींद्रनाथ शर्मा, राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, मंत्री मदन कौशिक, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह,बीएसएम कॉलेज के चेयरमैन ममतेश शर्मा समेत भाजपा के अन्य पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित की गई और उपस्थित लोगों को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ते हुए सेवा, जनकल्याण एवं राष्ट्र निर्माण के कार्यों को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।













