रुड़की। आर्य समाज नंद विहार, सुनहरा रोड रुड़की के तत्वावधान में आयोजित वृहद् देव यज्ञ (वैदिक सत्संग) के दौरान जिला आर्य प्रतिनिधि सभा रुड़की के प्रधान आर्य हरपाल सिंह सैनी के पुत्र का जन्मदिवस बड़े ही श्रद्धा, उल्लास और वैदिक परंपराओं के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विधिवत वैदिक यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित लोगों ने आहुति देकर सुख-समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
इस अवसर पर परिवारजनों, आर्य समाज के पदाधिकारियों एवं गणमान्य लोगों ने जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं। वैदिक मंत्रोच्चार और यज्ञ की पवित्र आहुतियों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

इस अवसर पर बड़े भाई नीरज सैनी ने कहा कि जन्मदिवस को भारतीय वैदिक परंपरा के अनुरूप यज्ञ और सत्संग के साथ मनाना हमारी संस्कृति एवं संस्कारों को आगे बढ़ाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, संस्कार और वैदिक जीवन पद्धति से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है।
आर्य हरपाल सिंह सैनी ने कहा कि जीवन के प्रत्येक शुभ अवसर की शुरुआत ईश्वर की उपासना और यज्ञ से करना भारतीय संस्कृति की महान परंपरा है। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि परिवार में बच्चों के जन्मदिवस सहित सभी शुभ अवसरों को आडंबर से दूर रखते हुए वैदिक संस्कारों और सामाजिक सरोकारों के साथ मनाया जाए। उन्होंने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उपस्थित लोगों के आशीर्वाद से जन्मदिवस का यह आयोजन और भी विशेष बन गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी को प्रसाद वितरित किया गया और परिवार के सुख-समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।













