कनखल में लायंस क्लब रानीपुर व ब्लड वालंटियर्स के संयुक्त रक्तदान शिविर में उत्साह से रक्तदाताओं ने किया रक्तदान
हरिद्वार। लायंस क्लब रानीपुर (हरिद्वार) एवं ब्लड वालंटियर्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को श्री कपिल वाटिका, कनखल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। प्रातः 9:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक चले शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के जीवन को बचाने में अपना योगदान दिया।

इस अवसर पर ब्लड वालंटियर्स एसोसिएशन के संस्थापक लायन अनिल अरोड़ा ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक सेवा नहीं, बल्कि किसी अनजान व्यक्ति के जीवन को बचाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि हमारे रक्तदान से पूरी दुनिया भले ही न बदले, लेकिन किसी एक जरूरतमंद की दुनिया जरूर बदल सकती है। स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए, ताकि अस्पतालों में जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके।

लायंस क्लब रानीपुर के अध्यक्ष लायन अनुज गर्ग ने कहा कि रक्त की आवश्यकता किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है और ऐसे समय में रक्तदाता का योगदान अमूल्य होता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना समय की आवश्यकता है। क्लब भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाता रहेगा।

शिविर में रक्तदाताओं को रक्तदान के प्रति प्रेरित करते हुए कहा गया कि आपके शरीर का रक्त किसी अनजान व्यक्ति के शरीर में जीवन बनकर पहुंचता है। इसी भावना के साथ लोगों से अधिक से अधिक रक्तदान करने और दूसरों को भी प्रेरित करने का आह्वान किया गया।
शिविर के आयोजन में लायन अनिल अरोड़ा, लायन अनुज गर्ग, रितेश अग्रवाल, अजय गर्ग, लायन रचित अग्रवाल, संदीप धवन, ध्रुव जिंदल, लायन अंकुर गर्ग, प्रदीप चौधरी सहित लायंस क्लब रानीपुर एवं ब्लड वालंटियर्स से जुड़े सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।













