विशाल आर्य सम्मेलन के निमंत्रण को लेकर देहरादून पहुंचे आर्य जिला प्रतिनिधि सभा के पदाधिकारी

हरिद्वार (कमल शर्मा)आगामी 27 सितंबर को जस्सी स्पोर्ट्स अकैडमी भोगपुर में आयोजित होने वाले विशाल आर्य सम्मेलन के निमंत्रण को लेकर आर्य जिला प्रतिनिधि सभा के पदाधिकारियों ने देहरादून में व्यापक संपर्क अभियान चलाया। इस दौरान आर्य समाज से जुड़े पदाधिकारियों, संतों एवं विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों को सम्मेलन का निमंत्रण पत्र प्रदान कर कार्यक्रम में सहभागिता, सहयोग एवं मार्गदर्शन का अनुरोध किया गया।

निमंत्रण अभियान में ऋषिपाल आर्य, विधिराम आर्य, हरपाल सिंह सैनी, महाशय टेकचंद सिंह आर्य, मुनेश सिंह सैनी आर्य, दीपक सैनी आर्य एवं सचिन आर्य सहित आर्य जिला प्रतिनिधि सभा के पदाधिकारी शामिल रहे।

देहरादून पहुंचने पर सर्वप्रथम जिले के संरक्षक एवं इकाई भोगपुर आर्य समाज के संरक्षक श्री टेकचंद जी के निवास पर पहुंचकर उनकी पुत्रवधू श्रीमती संयोगिता सेनी को आगामी विशाल आर्य सम्मेलन का निमंत्रण पत्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर उन्हें जिला सभा की ओर से ॐ मोमेंटो भेंटकर सम्मानित किया गया।

इसके बाद पदाधिकारी यज्ञकथा कार्यक्रम में पहुंचे, जो सात सितंबर से 11 सितंबर तक आयोजित किया जा रहा है। यहां जिला प्रतिनिधि सभा के प्रधान एवं आर्य प्रतिनिधि सभा के प्रदेश प्रधान श्री प्रेमप्रकाश शर्मा को ॐ पटका पहनाकर जिला सभा की ओर से मोमेंटो एवं महापुरुषों के चित्र भेंटकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित वेदपाठी संन्यासी श्री शैलेश मुनि जी सहित अन्य संन्यासियों को भी अंगवस्त्र पहनाकर एवं महापुरुषों के चित्र भेंटकर सम्मानित किया गया। पदाधिकारियों ने संतों से आगामी विशाल आर्य सम्मेलन में सहभागिता एवं आशीर्वाद प्रदान करने का अनुरोध किया।

इसके पश्चात पदाधिकारी प्रदेश संयोजिका डॉ. इंदु बाला आर्या जी के निवास पर पहुंचे। उन्हें 27 सितंबर को आयोजित होने वाले विशाल आर्य सम्मेलन का निमंत्रण पत्र प्रदान किया गया। इस दौरान उन्हें जिला सभा की ओर से ॐ मोमेंटो एवं महारानी लक्ष्मीबाई का चित्र भेंटकर सम्मानित किया गया। साथ ही सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए सहयोग एवं मार्गदर्शन का अनुरोध किया गया।

निमंत्रण अभियान के क्रम में पदाधिकारी सम्मेलन के मुख्य अतिथि माननीय सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत के देहरादून स्थित निवास पर भी पहुंचे। उन्हें विशाल आर्य सम्मेलन का निमंत्रण पत्र प्रदान करते हुए कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होने तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता करने का अनुरोध किया गया।

इसके अलावा देहरादून के विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर अन्य गणमान्य व्यक्तियों एवं आर्य समाज से जुड़े लोगों को भी सम्मेलन के निमंत्रण पत्र प्रदान किए गए।

पदाधिकारियों ने कहा कि आगामी विशाल आर्य सम्मेलन को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। सम्मेलन के माध्यम से आर्य समाज के सिद्धांतों, वैदिक संस्कृति एवं सामाजिक जागरूकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। सम्मेलन को लेकर आर्य समाज से जुड़े कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *