हरिद्वार(कमल शर्मा)हॉकी के जादूगर एवं पद्मभूषण मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में लक्सर रोड स्थित होटल इंडियन एरा में भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में बाल खिलाड़ियों की उत्कृष्ट खेल प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बीएचईएल रानीपुर विधायक आदेश चौहान, सुप्रसिद्ध समाजसेवी डॉ. जगदीश लाल पाहवा तथा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं से जुड़े एवं खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने वाले वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. विशाल गर्ग उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान अतिथियों ने खेल एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित अतिथि को माला, रुद्राक्ष की माला, प्रमाण पत्र, अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्हें कार्यक्रम को संबोधित करने के लिए भी आमंत्रित किया गया, जिस पर उन्होंने अपने विचार प्रभावी ढंग से रखते हुए खेल प्रतिभाओं को निरंतर प्रोत्साहित करने और युवाओं को खेलों से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम में जनसत्ता के वरिष्ठ पत्रकार एवं प्रेस क्लब हरिद्वार के वरिष्ठ पदाधिकारी सुनील दत्त पांडे, सुप्रसिद्ध लेखिका एवं अंग्रेजी समाचारपत्र की पत्रकार डॉ. राधिका नागरथ, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाली कार्यक्रम की मुख्य सूत्रधार आरती सैनी, राष्ट्रीय स्तर के प्रसिद्ध एथलीट कोच भारत भूषण, डीवाइन पब्लिक स्कूल के प्राचार्य लक्ष्मीकांत जी, गुरुकुल कॉलेज के खेल प्रशिक्षक लाल सिंह सैनी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी संचालन डॉ. राधिका नागरथ ने किया। समारोह में खेल प्रतिभाओं के सम्मान के साथ-साथ उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। उपस्थित अतिथियों ने कहा कि मेजर ध्यानचंद की खेल भावना और समर्पण आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। ऐसे आयोजन उभरती प्रतिभाओं को मंच देने के साथ-साथ समाज में खेलों के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करते हैं।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित यह समारोह सम्मान, प्रेरणा और खेल प्रतिभाओं के उत्साहवर्धन का यादगार अवसर बन गया।













