हरतालिका तीज पर बैरागी कैंप में सजेगा गोर्खाली संस्कृति का रंग, 6 सितंबर को होगा भव्य तीज महोत्सव

हरिद्वार(कमल शर्मा)19 अगस्त। गोर्खाली महिला कल्याण समिति की ओर से आगामी 6 सितंबर, रविवार को बैरागी कैंप में हरतालिका तीज महोत्सव धूमधाम और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया जाएगा। आयोजन में गोर्खाली समाज की महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर पूजा-अर्चना के साथ तीज गीत, नृत्य और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गोर्खाली संस्कृति की समृद्ध छटा बिखेरेंगी।
समिति की अध्यक्ष पदमा पांडेय और महामंत्री शारदा सुबेदी ने बताया कि हरतालिका तीज गोर्खाली समाज की महिलाओं के लिए धार्मिक आस्था के साथ-साथ संस्कृति और परंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। इस आयोजन का उद्देश्य अपनी गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखते हुए नई पीढ़ी को भी अपनी परंपराओं से जोड़ना है।
उन्होंने बताया कि महोत्सव में तीज गीत, पारंपरिक नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण रहेंगी। महिलाओं के लिए विभिन्न गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा। कोषाध्यक्ष रेखा शर्मा और तनुजा पांडेय ने कहा कि हरतालिका तीज महिलाओं के आपसी मेल-मिलाप, सौहार्द और सामाजिक एकजुटता का भी पर्व है। समिति की ओर से आयोजन को भव्य और यादगार बनाने के लिए तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं।
सपना खड़का और चंपा उपाध्याय ने कहा कि तीज महोत्सव के माध्यम से गोर्खाली समाज के लोकगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक रीति-रिवाजों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है। इस बार नई पीढ़ी की महिलाओं और युवतियों की भागीदारी पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि वे अपनी संस्कृति और विरासत को करीब से समझ सकें।
समिति पदाधिकारियों ने गोर्खाली समाज की सभी महिलाओं से अधिक से अधिक संख्या में बैरागी कैंप पहुंचकर तीज महोत्सव की शोभा बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस बार हरतालिका तीज पर बैरागी कैंप में गोर्खाली संस्कृति, परंपरा, गीत-संगीत और नृत्य का मनोहारी संगम देखने को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *