देहरादून,(कमल शर्मा)
वीरा फाउंडेशन द्वारा आयोजित “रन फॉर थैलेसीमिया – थैलेसीमिया फ्री उत्तराखंड” 5 किलोमीटर मैराथन का सफल आयोजन किया गया। थैलेसीमिया के प्रति जनजागरूकता फैलाने और उत्तराखंड को थैलेसीमिया मुक्त बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस मैराथन में लगभग 400 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्या थीं। इस अवसर पर रोटरी क्लब देहरादून सेंट्रल की अध्यक्ष अंजना साहनी, रोटरी क्लब कनखल के सदस्य, पहली पहल सोसाइटी की नीतू सिंह, सिटी ब्लड बैंक, पेजल तथा अन्य सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए थैलेसीमिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया।
मैराथन में बालिका वर्ग में दीपांजलि यादव ने प्रथम, सोनाक्षी ने द्वितीय तथा आराधना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त नीतू यादव, राधिका, अर्चना एवं जीविका सहित पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजपुर रोड, देहरादून की छात्राओं ने पहले दस स्थानों में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया.
वीरा फाउंडेशन द्वारा प्रथम 15 बालक एवं प्रथम 15 बालिकाओं को मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए, जबकि प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त विजेताओं को वीरा फाउंडेशन एवं रोटरी क्लब के संयुक्त तत्वावधान में ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों, अतिथियों एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए “थैलेसीमिया मुक्त उत्तराखंड” के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।










