प्रेमतरु अभियान से हरियाली का संदेश: श्री सत्य साईं सेवा समिति ने किया 20 पौधों का रोपण, 300 पौधे लगाने का लिया संकल्प


हरिद्वार (कमल शर्मा)। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को साकार करते हुए श्री सत्य साईं सेवा समिति, बीएचईएल हरिद्वार ने प्रेमतरु कार्यक्रम के अंतर्गत शिवालिक नगर स्थित श्री कृष्णा सद्भावना पार्क (जे क्लस्टर) में चांदनी, कनेर एवं तुलसी सहित कुल 20 पौधों का रोपण किया। पौधरोपण के माध्यम से समिति ने हरियाली बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायी संदेश भी दिया।
कार्यक्रम का नेतृत्व साईं संगठन उत्तराखण्ड के आध्यात्मिक समन्वयक प्रकाश चन्द्र जोशी ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ साईं भक्त अनिल गुप्ता, पार्क समिति के सचिव सुभाष सारस्वत तथा समाजसेवी एवं स्वामी के अनन्य भक्त विशाल शर्मा ने विशेष सहयोग प्रदान किया।
समिति द्वारा संचालित “हरित हरिद्वार” अभियान के अंतर्गत विभिन्न प्रजातियों के फलदार एवं पुष्पीय पौधों का रोपण निरंतर किया जा रहा है। वर्षाकाल में 300 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसे पूरा करने के लिए समिति के सभी सदस्य समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं।
आध्यात्मिक समन्वयक प्रकाश चन्द्र जोशी ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक भी है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
प्रेम, सेवा और प्रकृति संरक्षण के इस अभियान ने समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता का सशक्त संदेश देते हुए हरित हरिद्वार के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *