गुरु पूर्णिमा महोत्सव का भव्य समापन, श्रद्धांजलि समारोह में उमड़ा आस्था का सैलाब



हरिद्वार(कमल शर्मा)निराला धाम, हरिद्वार स्थित नागेश्वर महादेव गद्दी में आयोजित तीन दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव एवं श्रद्धांजलि समारोह का बुधवार को वैदिक मंत्रोच्चार, गद्दी पूजन और विशाल भंडारे के साथ श्रद्धा एवं भक्तिभावपूर्ण वातावरण में भव्य समापन हुआ। देशभर से पहुंचे संत-महात्माओं, श्रद्धालु भक्तों और अनुयायियों ने ब्रह्मलीन ब्रह्मऋषि संत निराला स्वामी (लहरी बाबा) जी महाराज, ब्रह्मलीन स्वामी कृष्णानन्द जी (केशव जी) तथा ब्रह्मलीन गुरुमाता सुशीला देवी जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।


समारोह के दौरान अखाड़ों एवं विभिन्न आश्रमों से पधारे संत-महात्माओं ने गुरु परंपरा की महिमा का गुणगान करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर नागेश्वर महादेव गद्दी का विधि-विधान से पूजन, वैदिक अनुष्ठान तथा भक्ति संगीत का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालु देर तक भक्ति रस में सराबोर रहे।


महाराज आशा भारती जी ने अपने आशीर्वचन में कहा कि “गुरु ही जीवन का सच्चा प्रकाश हैं। गुरु के बताए मार्ग पर चलकर ही मानव जीवन सफल और सार्थक बनता है। गुरु परंपरा हमारी सनातन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है।”
वहीं शिष्य नित्यानंद जी ने कहा कि “ब्रह्मलीन संत निराला स्वामी (लहरी बाबा) जी महाराज का संपूर्ण जीवन सेवा, साधना और सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार को समर्पित रहा। उनके आदर्श और संस्कार सदैव हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे। गुरु के दिखाए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।”


कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं ने गुरु चरणों में नमन कर विश्व कल्याण, मानवता की सुख-समृद्धि एवं सनातन धर्म की उन्नति की कामना की। इसके पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *