भक्ति और श्रद्धा के साथ सम्पन्न हुआ महन्त लक्ष्मण दास जी महाराज की 27वीं पुण्य तिथि महोत्सव, विशाल भण्डारे में उमड़े श्रद्धालु


चार दिवसीय अखण्ड रामायण पाठ, रामार्चन, गंगा पूजन एवं हवन-पूर्णाहुति के साथ धार्मिक आयोजन का हुआ भव्य समापन
हरिद्वार (कमल शर्मा)।
श्री आँवला वाला गोकुल धाम सेवा ट्रस्ट, भूपतवाला, हरिद्वार द्वारा ब्रह्मलीन पूज्यपाद श्री श्री 1008 श्री महन्त लक्ष्मण दास जी महाराज (राजवैद्य) की 27वीं पुण्य तिथि के उपलक्ष्य में आयोजित चार दिवसीय धार्मिक महोत्सव गुरुवार को श्रद्धा, भक्ति एवं वैदिक रीति-रिवाजों के साथ सम्पन्न हो गया। समापन अवसर पर हवन-पूर्णाहुति, श्री सद्गुरुदेव जी का अभिषेक एवं विशाल भण्डारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में संत-महंतों, श्रद्धालुओं एवं भक्तों ने सहभागिता कर प्रसाद ग्रहण किया।
20 जुलाई से प्रारम्भ हुए इस धार्मिक आयोजन में अखण्ड रामायण पाठ, रामायण भोग आरती, रामार्चन, पुष्पार्चन, रामकथा, गंगा पूजन एवं हरकी पैड़ी पर दुग्धाभिषेक जैसे विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। पूरे आयोजन के दौरान गोकुल धाम परिसर भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा और श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के जयघोष के साथ धर्म लाभ प्राप्त किया।
समापन समारोह में ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री महन्त परमेश्वर दास जी महाराज ने ब्रह्मलीन महन्त लक्ष्मण दास जी महाराज (राजवैद्य) के आध्यात्मिक जीवन, सेवा, त्याग एवं समाज के प्रति उनके अमूल्य योगदान का स्मरण करते हुए कहा कि उनके आदर्श आज भी समाज को धर्म एवं सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर संत-महंतों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन में आहुतियां अर्पित कर विश्व शांति, राष्ट्र की समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। आयोजन के सफल संचालन में उमेश शास्त्री जी, श्री वैष्णव विरक्त महामण्डल एवं समस्त भक्तगण का विशेष सहयोग रहा।
धार्मिक अनुष्ठानों के सफल समापन पर श्रद्धालुओं ने इसे आध्यात्मिक ऊर्जा एवं सनातन संस्कृति के संरक्षण का प्रेरणादायी आयोजन बताते हुए श्री आँवला वाला गोकुल धाम सेवा ट्रस्ट के प्रयासों की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *