अहमदाबाद। उत्तराखंड के परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने गुजरात प्रवास के दौरान गुजरात राज्य सड़क परिवहन निगम (GSRTC) के आयुक्त कार्यालय का अवलोकन किया।
इस दौरान उन्होंने विभागीय वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर वहां संचालित आधुनिक, तकनीक आधारित एवं जनहितकारी परिवहन योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
बैठक में गुजरात की डिजिटल परिवहन सेवाओं, यात्री सुविधाओं, संचालन प्रणाली तथा तकनीकी नवाचारों पर विस्तार से चर्चा हुई। मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘डिजिटल इंडिया’ और ‘सशक्त-आत्मनिर्भर भारत’ के विजन से प्रेरित होकर देशभर में परिवहन क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने उत्तराखंड परिवहन विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों और भविष्य की योजनाओं की भी जानकारी साझा की।
प्रदीप बत्रा ने कहा कि गुजरात के परिवहन मॉडल से प्राप्त अनुभव उत्तराखंड की परिवहन व्यवस्था को और अधिक सुगम, सुरक्षित, पारदर्शी एवं आधुनिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ परिवहन सेवाओं को तकनीक के माध्यम से अधिक प्रभावी और सशक्त बनाना है।
इस अवसर पर गुजरात राज्य सड़क परिवहन निगम (GSRTC) के विभागीय वरिष्ठ अधिकारी एवं परिवहन विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।





