हरिद्वार(कमल शर्मा)26 जून। गणेश विहार कॉलोनी, सीतापुर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ गुरुवार को भव्य कलश शोभायात्रा के साथ श्रद्धा और उत्साहपूर्वक हुआ। गंगा तट से कथास्थल तक निकाली गई कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिला-पुरुषों ने भाग लिया। पूरे मार्ग में भक्ति गीतों और जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कथाव्यास मनोज गोपाल महाराज ने श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का महत्व बताते हुए कहा कि श्रीमद्भागवत कथा परम कल्याणकारी तथा कल्पवृक्ष के समान है। इसके श्रवण मात्र से मनुष्य का जीवन धन्य हो जाता है और अधोगति को प्राप्त पितरों को भी मोक्ष की प्राप्ति होती है। उन्होंने कहा कि कथा केवल सुनने का विषय नहीं, बल्कि उसके संदेशों को जीवन में उतारना ही सच्ची साधना है। जब कथा से प्राप्त ज्ञान को आचरण में धारण किया जाता है, तभी उसका वास्तविक फल मिलता है।
आयोजक विजेंद्र कुमार कपिल एवं ओमप्रकाश राठौर ने कहा कि श्रद्धालु भक्तों के आध्यात्मिक कल्याण एवं समाज में धर्म और संस्कारों के प्रसार के उद्देश्य से श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि कथा श्रवण से परिवार में सुख, शांति और समृद्धि का वास होता है तथा जीवन के कष्टों से मुक्ति का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से पूर्ण श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ कथा श्रवण करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर गिरीराज शर्मा, सुनील कुमार शर्मा, नवीन कुमार श्रीवास्तव, पूरन चौहान सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्त उपस्थित रहे।
कलश यात्रा के साथ गूंजा हरिद्वार, प्राचीन शिव मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा का भव्य शुभारंभ





