आदर्श युवा समिति, हरिद्वार द्वारा संचालित Tribal Development Fund (TDF) Project के अंतर्गत ग्राम रसूलपुर मीठीबेरी, लालढांग में जनजातीय समुदाय (Tribal Community) के सदस्यों के लिए “पर्यावरण के अनुकूल गाय के गोबर आधारित उत्पाद निर्माण एवं उद्यमिता विकास” विषय पर पांच दिवसीय कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य जनजातीय महिलाओं, युवाओं, किसानों एवं स्वयं सहायता समूहों को गाय के गोबर से मूल्यवर्धित उत्पाद तैयार करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर उन्हें स्वरोजगार, उद्यमिता एवं सतत आजीविका से जोड़ना है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. राजेश सिंह, निदेशक (अनुसंधान एवं नवाचार), उत्तरांचल विश्वविद्यालय, देहरादून ने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों का वैज्ञानिक एवं व्यावसायिक उपयोग स्थानीय आजीविका को मजबूत बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि गाय के गोबर से निर्मित पर्यावरण अनुकूल उत्पाद आज बाजार में तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं तथा इनके माध्यम से जनजातीय परिवार अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकते हैं।
विशिष्ट अतिथि श्री सुभाष चन्द्र, निदेशक, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (MSME), भारत सरकार ने कहा कि भारत सरकार जनजातीय एवं ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। यदि स्थानीय संसाधनों का नवाचार के साथ उपयोग किया जाए तो जनजातीय क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं।

डॉ. रामकृष्णन, निदेशक, MSME, भारत सरकार ने प्रतिभागियों को सूक्ष्म उद्यम स्थापना, सरकारी योजनाओं, वित्तीय सहायता, ब्रांडिंग एवं विपणन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करते हुए प्रशिक्षण का पूर्ण लाभ उठाने का आह्वान किया।
आदर्श युवा समिति के सचिव श्री लखबीर सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को गाय के गोबर से दीपक, धूपबत्ती, हवन सामग्री, गमले, जैविक खाद, सजावटी एवं उपयोगी उत्पादों के निर्माण, पैकेजिंग, ब्रांडिंग, गुणवत्ता नियंत्रण एवं विपणन का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे जनजातीय समुदाय के परिवार आत्मनिर्भर बन सकें।
प्रशिक्षक श्री राजेन्द्र रावत ने प्रतिभागियों को गाय के गोबर आधारित विभिन्न उत्पादों के निर्माण का लाइव प्रदर्शन कर आधुनिक एवं वैज्ञानिक तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गोबर आधारित उत्पाद पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ कम लागत में बेहतर आय अर्जित करने का प्रभावी माध्यम हैं।
कार्यक्रम के दौरान गाय के गोबर आधारित उत्पाद निर्माण एवं ग्रामीण उद्यमिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सात प्रगतिशील जनजातीय किसानों एवं उद्यमियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में हरपाल सिंह, समीक्षा स्वयं सहायता समूह, रामपाल, रूबी देवी, रामपाल, पूनम द्विवेदी और हेमा नेगी शामिल रहे। अतिथियों ने सभी सम्मानित प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें जनजातीय समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान श्री कमलेश द्विवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि जनजातीय समुदाय की महिलाओं एवं युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कौशल विकास एवं उद्यमिता आधारित प्रशिक्षण समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि गाय के गोबर से पर्यावरण अनुकूल एवं उपयोगी उत्पाद तैयार कर जनजातीय परिवार अपनी आजीविका को सुदृढ़ बना सकते हैं। उन्होंने आदर्श युवा समिति एवं NABARD द्वारा Tribal Development Fund Project के अंतर्गत आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों में स्वरोजगार, महिला सशक्तिकरण तथा सतत विकास को नई दिशा प्रदान करेंगे। साथ ही उन्होंने सभी प्रतिभागियों से प्रशिक्षण में सीखी गई तकनीकों को अपनाकर सफल उद्यमी बनने का आह्वान किया। REAP ग्रामोत्थान से सुश्री हेमा नेगी, श्री विपिन कुमार (प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर) तथा आदर्श युवा समिति की टीम से अनमोल सिंह, सुनीता, ईशानी एवं सीमा द्विवेदी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में पूनम द्विवेदी, भागीरथी देवी, हरपाल सिंह, पूजा, रामपाल, रूबी, उषा, महानन्द, राजेश सिंह तथा समीक्षा स्वयं सहायता समूह की सभी सदस्याओं सहित जनजातीय समुदाय के बड़ी संख्या में किसान, महिलाएं एवं युवा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन श्री पवन कुमार सैनी द्वारा किया गया।
अंत में सभी अतिथियों ने आदर्श युवा समिति एवं उत्तरांचल विश्वविद्यालय, देहरादून की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम जनजातीय समुदाय की महिलाओं एवं युवाओं को स्थानीय संसाधनों पर आधारित स्वरोजगार उपलब्ध कराने, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने तथा “वोकल फॉर लोकल” और “आत्मनिर्भर भारत” की परिकल्पना को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।





