रुड़की। आर्य समाज नंद विहार द्वारा शहीद स्मारक स्थल स्थित ऐतिहासिक वटवृक्ष के सान्निध्य में आयोजित योग शिविर के चौथे दिन उत्साह और ऊर्जा का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। शिविर में योगाचार्य श्री राम कुमार जी एवं बालिका वैदेही ने उपस्थित जनों को विभिन्न योगासन, व्यायाम, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया।
योगाचार्य राम कुमार जी ने कहा कि नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर को स्वस्थ और सशक्त बनाता है, बल्कि मानसिक शांति, एकाग्रता और आत्मबल को भी बढ़ाता है। उन्होंने सभी से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। वहीं बालिका वैदेही द्वारा योगासनों का सुंदर प्रदर्शन उपस्थित लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा।
शिविर में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक योगासन, व्यायाम, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान योग के महत्व पर भी चर्चा की गई तथा निरोगी जीवन के लिए नियमित योग करने की प्रेरणा दी गई।
इस अवसर पर प्रधान आर्य समाज नंद विहार आर्य हरपाल सिंह सैनी, नीरज सैनी (अध्यक्ष, शहीद भगत सिंह आदर्श युवा मंच), सविता जी, यशोदा जी, प्रमोद धीमान, लक्ष्मी चंद, अशोक कौशिक, प्रणव, शारदा, संगीता, अदिति, नीतू जी, गुड़िया, वैदिका, सोनिया गौतम, बबीता, प्रिया, निशा, युक्ति, यशपाल सैनी, संजय त्यागी, राकेश रोहिला, नीरज चौहान, विपिन सिंह, दिवेश जी, अर्णव, प्रियांशु सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं योग साधक उपस्थित रहे।
योग शिविर में बढ़ती सहभागिता यह दर्शाती है कि समाज में स्वास्थ्य, अनुशासन और भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता निरंतर बढ़ रही है। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से शिविर में शामिल होकर योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाने की अपील की।
योग से तन-मन हुआ ऊर्जावान, शहीद स्मारक स्थल पर चौथे दिन भी गूंजा स्वास्थ्य और संस्कार का संदेश










