शहीद स्मारक पर गूंजा योग का संदेश, योगाभ्यास के साथ सादगीपूर्ण जीवनशैली की मिसाल बने शोभाराम प्रजापति: हरपाल सैनी


साइकिल से पहुंचे राज्यमंत्री, योग शिविर में दिया स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

रुड़की। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में शहीद स्मारक स्थल पर आयोजित योग शिविर में बुधवार को योगाचार्य श्री राम कुमार जी के मार्गदर्शन में बड़ी संख्या में लोगों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया। शिविर में योग, स्वास्थ्य एवं राष्ट्र निर्माण के महत्व पर विशेष चर्चा की गई।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता एवं उत्तराखंड सरकार में राज्यमंत्री श्री शोभाराम प्रजापति मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की जीवनशैली है। उन्होंने सभी नागरिकों से नियमित योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान जिला आर्य प्रतिनिधि सभा हरिद्वार के प्रधान आर्य हरपाल सिंह सैनी एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने राज्यमंत्री शोभाराम प्रजापति को ओ३म अंकित अंगवस्त्र एवं महान क्रांतिकारी शहीद-ए-आजम भगत सिंह का चित्र भेंट कर सम्मानित किया।
शिविर में एक विशेष बात लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। माननीय प्रधानमंत्री के “ईंधन बचाओ एवं पर्यावरण संरक्षण” के आह्वान को आत्मसात करते हुए राज्यमंत्री शोभाराम प्रजापति प्रतिदिन की भांति साइकिल से कार्यक्रम स्थल पहुंचे। उनकी सादगीपूर्ण जीवनशैली और पर्यावरण के प्रति जागरूकता ने उपस्थित लोगों को प्रेरित किया।
योग शिविर में श्रीमती सोनिया, गुड़िया, प्रियंका, दक्षिणा, नीतू शर्मा, सविता, प्रमोद धीमान, संजय त्यागी, देवेश कुमार, मामचंद मैनवाल सहित अनेक योग साधकों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता कर योगाभ्यास किया।
“योग अपनाएं, स्वास्थ्य बढ़ाएं और पर्यावरण बचाएं” का संदेश देते हुए शिविर उत्साह और ऊर्जा के साथ संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *