भागवत कथा श्रवण से मिलता है भक्ति, ज्ञान और वैराग्य का अमूल्य संगम : गौरव कृष्ण गोस्वामी
हरिद्वार(कमल शर्मा) भूपतवाला स्थित श्री स्वामीनारायण आश्रम में पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर आयोजित श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञानयज्ञ के तीसरे दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। कथा व्यास परम पूज्य आचार्य श्री गौरव कृष्ण गोस्वामी जी महाराज ने श्रीमद् भागवत कथा के तीसरे दिन सृष्टि का विस्तार, वराह अवतार, कपिल मुनि के उपदेश और प्रह्लाद जैसे महान भक्तों की कथा का श्रवण कराया l आगे भगवान की दिव्य लीलाओं का रसपान कराते हुए कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मानव जीवन को सही दिशा देने वाला दिव्य मार्गदर्शक है।
उन्होंने कहा कि भागवत कथा के श्रवण से मनुष्य के भीतर भक्ति, ज्ञान और वैराग्य का उदय होता है तथा जीवन के समस्त कष्टों का निवारण होता है। भगवान के प्रति समर्पण ही जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि है। कथा के दौरान महाराज श्री ने भगवान की लीलाओं एवं भक्तों के प्रति उनकी करुणा का भावपूर्ण वर्णन किया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
कथा में मुख्य यजमान रवि खंडेलवाल एवं सुनीता खंडेलवाल परिवार द्वारा विधिवत पूजन-अर्चन कर भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त किया गया। श्रद्धालुओं ने भजनों एवं संकीर्तन के माध्यम से भक्तिमय वातावरण का आनंद लिया।
श्रीमद्भागवत सप्ताह का आयोजन 31 मई से 6 जून 2026 तक प्रतिदिन सायं 4 बजे से श्री स्वामीनारायण आश्रम, भूपतवाला, हरिद्वार में किया जा रहा है। कथा में दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचकर धर्मलाभ प्राप्त कर रहे हैं।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में संत-महात्मा, गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।




