हरिद्वार(कमल शर्मा)देवपुरा स्थित प्रेस क्लब हरिद्वार के प्रांगण में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान देश के प्रतिष्ठित संत एवं निरंजनी अखाड़ा के आचार्य पीठाधीश्वर स्वामी डॉ. कैलाशानंद गिरी की सुप्रसिद्ध क्रिकेट खिलाड़ी रहे, पूर्व कैप्टन गढवाल विश्वविद्यालय क्रिकेट टीम साथ ही श्री सत्य साईं सेवा संगठन उत्तराखण्ड के आध्यात्मिक समन्वयक श्री प्रकाश जोशी से आत्मीय भेंट एवं सौहार्दपूर्ण वार्ता हुई। इस अवसर पर आध्यात्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।
भेंट के दौरान स्वामी डॉ. कैलाशानंद गिरी महाराज ने कहा कि संतों का सान्निध्य समाज में सकारात्मक ऊर्जा और संस्कारों का संचार करता है। उन्होंने बताया कि 22 एवं 23 मई को प्रकाश जोशी द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में उनकी उपस्थिति का कार्यक्रम था, किंतु अचानक दिल्ली प्रवास के कारण वे सम्मिलित नहीं हो सके। महाराज श्री ने स्नेहपूर्वक आश्वासन दिया कि वे शीघ्र ही प्रकाश जोशी के आवास पर पधारकर आशीर्वाद प्रदान करेंगे।
इस अवसर पर प्रकाश जोशी ने कहा कि पूज्य स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज जैसे महान संत का सान्निध्य प्राप्त होना उनके लिए सौभाग्य और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा कि संत समाज की आध्यात्मिक चेतना के केंद्र होते हैं और उनके मार्गदर्शन से जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आता है। महाराज श्री का स्नेह, सरलता और आत्मीय व्यवहार सदैव प्रेरणादायी रहा है।
कार्यक्रम के दौरान प्रेस क्लब हरिद्वार के अध्यक्ष धर्मेन्द्र चौधरी, डॉ. राजेन्द्र पाराशर तथा योगेश पांडे सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। संत और पत्रकारिता जगत के इस आत्मीय मिलन ने उपस्थित जनों पर गहरा प्रभाव छोड़ा।
प्रेस क्लब में संत-समागम: आचार्य महामंडलेश्वर कैलाशानंद गिरी महाराज से प्रकाश जोशी की आत्मीय भेंट




