स्वच्छता के सच्चे प्रहरी सम्मानित, आर्य समाज नंद विहार ने पर्यावरण मित्रों का बढ़ाया मान


रुड़की। (कमल शर्मा) नगर निगम रुड़की के स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे पर्यावरण मित्रों को आर्य समाज नंद विहार द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण मित्रों को ओ३म अंकित अंगवस्त्र एवं शॉल ओढ़ाकर उनका अभिनंदन किया गया तथा समाज के प्रति उनकी निष्ठा और समर्पण की सराहना की गई।
कार्यक्रम में उपस्थित आर्य समाज नंद विहार के प्रधान आर्य हरपाल सिंह सैनी ने कहा कि स्वच्छता कर्मी समाज के वास्तविक कर्मयोगी हैं, जो प्रतिदिन कठिन परिस्थितियों में कार्य कर शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण और स्वस्थ समाज के निर्माण में पर्यावरण मित्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे कर्मनिष्ठ लोगों का सम्मान करना समाज का नैतिक दायित्व है।
उन्होंने बताया कि 10 मई स्वतंत्रता क्रांति दिवस के अवसर पर इन पर्यावरण मित्रों को सम्मानित किया जाना प्रस्तावित था, लेकिन उनकी नियमित ड्यूटी और व्यस्तता के कारण उस समय कार्यक्रम आयोजित नहीं हो सका। आज अवसर मिलते ही आर्य समाज के पदाधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने उन्हें सम्मानित कर उनके कार्यों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार या नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। यदि समाज और स्वच्छता कर्मी मिलकर कार्य करें तो स्वच्छ और स्वस्थ भारत का सपना साकार हो सकता है।
इस अवसर पर आर्य समाज नंद विहार के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं पर्यावरण मित्र बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सम्मान पाकर पर्यावरण मित्रों ने भी आर्य समाज का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *