हरिद्वार। खड़खड़ी स्थित श्री गुप्तानन्द वेदान्त आश्रम में गंगा दशहरा महापर्व के पावन अवसर पर आयोजित “श्री गुरूदेव स्मृति महोत्सव” श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के बीच भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में संत-महात्माओं, श्रद्धालुओं एवं भक्तों की भारी उपस्थिति रही।
महोत्सव के अंतर्गत 22 मई से प्रारम्भ हुए धार्मिक आयोजनों में श्रीरामचरित मानस अखण्ड पाठ, यज्ञ पूर्णाहुति, भजन संध्या एवं श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। अंतिम दिवस गंगा दशहरा पर पूज्यपाद ब्रह्मलीन महामण्डलेश्वर श्री 1008 श्री स्वामी गुप्तानन्द परमहंस जी महाराज एवं ब्रह्मलीन महंत स्वामी सुरेशानन्द जी महाराज की पुण्य स्मृति में श्रद्धांजलि सभा आयोजित हुई।
इस अवसर पर आश्रम के महंत महंत ओमानन्द ने कहा कि गुरु कृपा ही मानव जीवन का वास्तविक आधार है। गुरु के बताए मार्ग पर चलकर ही व्यक्ति मोक्ष एवं आत्मिक शांति प्राप्त कर सकता है। उन्होंने कहा कि गंगा दशहरा का पर्व सनातन संस्कृति, सेवा और साधना का प्रतीक है।
श्रद्धांजलि समारोह के पश्चात विशाल भोजन भण्डारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरा आश्रम भक्ति गीतों, मंत्रोच्चार और जयघोषों से गुंजायमान रहा।
कार्यक्रम में श्यामानन्द जी (कुठारी), रामेश्वर चेतन, सत्यम् सहित अनेक संत, श्रद्धालु एवं भक्तगण उपस्थित रहे। आयोजन के सफल समापन पर आश्रम परिवार ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।
गंगा दशहरा पर श्रद्धा और भक्ति का विराट संगम,श्री गुप्तानन्द वेदान्त आश्रम में श्री गुरूदेव स्मृति महोत्सव सम्पन्न




