युवाओं के दम पर 2027 में बदलेगा उत्तराखंड का राजनीतिक समीकरण : ओमवीर तोमर
हरिद्वार। कमल शर्मा/18 मई 2926 आज हरिद्वार ग्रामीण युवा कांग्रेस अध्यक्ष विशाल भोजक एवं पूर्व मंत्री एवं किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तथा उत्तराखंड प्रभारी ओमवीर तोमर का हरिद्वार पहुंचने पर पीसीसी सदस्य राहुल चौधरी के नेतृत्व में कांग्रेस, यूथ कांग्रेस एवं किसान कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने फूलमालाओं के साथ भव्य स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला और पूरे कार्यक्रम में जोशपूर्ण माहौल बना रहा।
पूर्व मंत्री ओमवीर तोमर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा और किसान देश की रीढ़ की हड्डी हैं। इनके बिना देश की प्रगति की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि आने वाला समय युवाओं का है और कांग्रेस पार्टी युवाओं को नेतृत्व देने तथा उन्हें राजनीति की मुख्यधारा में आगे लाने का कार्य कर रही है।

पीसीसी सदस्य राहुल चौधरी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में लगातार महंगाई बढ़ रही है और युवा, किसान एवं मजदूर आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है, जबकि किसान और मजदूर अपनी मेहनत का उचित मूल्य पाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। राहुल चौधरी ने कहा कि युवा, किसान और मजदूर वर्ग भाजपा सरकार से त्रस्त हो चुका है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता इसका जवाब देगी।

इसी क्रम में सोमवार को होटल स्काई हाई, सीतापुर ज्वालापुर में जिला हरिद्वार ग्रामीण युवा कांग्रेस की कार्यकारिणी बैठक उत्साह और ऊर्जा के माहौल में संपन्न हुई। बैठक में उत्तराखंड युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक, जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालेश्वर सिंह तथा जिला प्रभारी सुरभि त्रिवेदी सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में संगठन विस्तार, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने, आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों और जनहित के मुद्दों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प लेते हुए गांव-गांव तक कांग्रेस की नीतियों को पहुंचाने का निर्णय लिया।
प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक ने कहा कि युवा कांग्रेस प्रदेश के युवाओं की आवाज बनकर लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, महंगाई और शिक्षा जैसी समस्याओं से आज का युवा परेशान है, ऐसे में युवा कांग्रेस युवाओं के अधिकारों की लड़ाई मजबूती के साथ लड़ेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर युवाओं को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालेश्वर सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा युवाओं को आगे बढ़ाने का कार्य करती रही है। इस अवसर पर बोलते हुए तेलूराम प्रधान ने कहा कि संगठन की असली ताकत कार्यकर्ताओं की मेहनत और एकजुटता में निहित है सुरेंद्र ठाकुर ने अपने वक्तव्य में कहा कि युवा कांग्रेस आने वाले समय में प्रदेश की राजनीति में मजबूत भूमिका निभाएगी।
जिला प्रभारी सुरभि त्रिवेदी ने कार्यकर्ताओं के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि युवा कांग्रेस तेजी से मजबूत हो रही है। उन्होंने पदाधिकारियों से जनसमस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाने और आमजन के बीच सक्रिय रहने की अपील की।

कार्यक्रम का संचालन रानीपुर विधानसभा अध्यक्ष सौरव सैनी ने किया। अंत में सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।

इस अवसर पर एससी प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष तीरथ पाल रवि एडवोकेट, फुरकान अली, राजीव चौधरी, राजवीर चौहान, तेलूराम प्रधान, अनिल भास्कर, सुरेंद्र ठाकुर, विनोद कुमार, सोम त्यागी, मनोज सैनी, रवीश भतीजा, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष गौरव चौहान सहित कांग्रेस, यूथ कांग्रेस एवं किसान कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता भारी संख्या में मौजूद रहे।



