नेपाल-भारत की सांस्कृतिक एकता का संदेश: हरिद्वार की कृष्णायन गौशाला पहुंचे नेपाल सांसद डॉ. अमरेश सिंह, प्रदीप बत्रा व स्वामी यतीश्वरानंद ने की गौसेवा

हरिद्वार। कमल शर्मा/भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद एवं कैबिनेट परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा के साथ नेपाल के सांसद डॉ. अमरेश कुमार सिंह शनिवार को हरिद्वार स्थित श्री कृष्णायन गौशाला, गेडीखाता पहुंचे। इस दौरान उन्होंने गौ—वंश को गुड़ खिलाकर गौसेवा की तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की मंगलकामना की।
शनिवार को आर्यनगर स्थित आश्रम में नेपाल के सांसद डॉ. अमरेश कुमार सिंह अपनी पत्नी डॉ. लक्ष्मी जोशी के साथ पहुंचे, जहां पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद ने सभी अतिथियों का भव्य स्वागत किया। इसके उपरांत सभी लोग श्री कृष्णायन गौशाला पहुंचे, जहां गौशाला के महंत ईश्वरानंद दास महाराज ने अतिथियों को गौशाला का भ्रमण कराया।
महंत ईश्वरानंद दास महाराज ने बताया कि गौशाला समाज के सहयोग एवं जनसहभागिता से संचालित हो रही है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा सहित सभी अतिथियों ने गायों को गुड़ खिलाकर गौसेवा की और गौसंरक्षण को भारतीय संस्कृति की आत्मा बताया।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद ने नेपाल सांसद डॉ. अमरेश कुमार सिंह के कार्यों एवं निर्णयों की सराहना करते हुए कहा कि भारत और नेपाल के संबंध केवल पड़ोसी देशों के नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और आध्यात्मिक भाईचारे के हैं।
नेपाल के सांसद डॉ. अमरेश कुमार सिंह ने कहा कि नेपाल में शिक्षा, आर्थिकी और विकास के अनेक कार्य भारत के सहयोग से संचालित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल की संस्कृति, सभ्यता और धार्मिक परंपराएं एक-दूसरे से गहराई से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि हरिद्वार जैसे आध्यात्मिक स्थलों पर आने से हिंदू संस्कृति से जुड़े लोगों को विशेष ऊर्जा और आत्मिक शांति प्राप्त होती है।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार भारत में बदरीनाथ और केदारनाथ धाम आस्था के केंद्र हैं, उसी प्रकार नेपाल में मुक्तिनाथ और पशुपतिनाथ विश्व प्रसिद्ध धार्मिक स्थल हैं। सांसद डॉ. अमरेश सिंह ने सभी श्रद्धालुओं और भारतीय नागरिकों को नेपाल आने का आमंत्रण भी दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *