🔥रुड़की/कमल शर्मा
आर्य समाज नंद विहार, रुड़की के पदाधिकारियों द्वारा आज एक गरिमामय कार्यक्रम आयोजित कर प्रसिद्ध चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. आलोक कुमार को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्हें ओ३म अंकित अंगवस्त्र पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके समाजसेवी योगदान के लिए हार्दिक सम्मान प्रकट किया गया।
कार्यक्रम के दौरान आर्य समाज के प्रतिनिधियों ने डॉ. आलोक कुमार को आगामी 10 मई 1857 प्रथम स्वतंत्रता क्रांति दिवस के आयोजन का औपचारिक निमंत्रण भी प्रदान किया। इस ऐतिहासिक दिवस के महत्व को बताते हुए सभी ने राष्ट्रभक्ति और सामाजिक एकता को और सुदृढ़ करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर आर्य हरपाल सैनी ने अपने संबोधन में कहा,
“डॉ. आलोक कुमार न केवल अपने चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं, बल्कि समाजसेवा के क्षेत्र में भी उनका योगदान अत्यंत सराहनीय है। ऐसे व्यक्तित्व समाज के लिए प्रेरणा होते हैं। आर्य समाज उनके सहयोग और समर्पण के लिए सदैव कृतज्ञ रहेगा। हमें विश्वास है कि उनका मार्गदर्शन आगे भी इसी प्रकार मिलता रहेगा और समाजहित के कार्यों को नई दिशा मिलेगी।”
आर्य समाज नंद विहार के पदाधिकारियों ने कहा कि डॉ. आलोक कुमार सदैव आर्य समाज के कार्यों में तन, मन और धन से सहयोग करते रहे हैं। उनका यह समर्पण समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
अंत में आर्य समाज परिवार ने डॉ. आलोक कुमार के प्रति गहरा आभार व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और समाजहित में उनके निरंतर सहयोग की अपेक्षा जताई।
ओ३म के साथ सम्मान का गौरवपूर्ण क्षण: आर्य समाज नंद विहार ने डॉ. आलोक कुमार को किया सम्मानित 🔥



