🚩 कमल शर्मा (हरिहर समाचार)
हर-हर महादेव!
हरिद्वार,धार्मिक आस्था और परंपराओं की मर्यादा को बनाए रखने के लिए श्री अखंड परशुराम अखाड़ा ने कड़ा रुख अपनाया है। अखाड़े के सभी सदस्यों ने अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष को एक ज्ञापन सौंपते हुए मांग की है कि शोभायात्राओं और भजन संध्याओं में निकाली जाने वाली अश्लील झांकियों पर तत्काल प्रभाव से पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए।
ज्ञापन में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि कुछ लोग देवी-देवताओं का स्वरूप धारण कर अश्लील भजनों पर नृत्य करते हैं, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं। यह कृत्य न केवल आस्था के साथ खिलवाड़ है, बल्कि सनातन संस्कृति की गरिमा को भी ठेस पहुंचाता है।
अखाड़े ने स्वामी रवींद्र पुरी जी महाराज से अपील करते हुए कहा कि ऐसे कृत्यों पर सख्त कार्रवाई की जाए और भविष्य में किसी भी शोभायात्रा या धार्मिक आयोजन में इस प्रकार की झांकियों को पूरी तरह प्रतिबंधित किया जाए।
इस अवसर पर स्वामी कार्तिक जी महाराज, महामंडलेश्वर ललितानंद जी महाराज, भागवत आचार्य पवन शास्त्री जी, आचार्य विष्णु शर्मा जी सहित कुलदीप शर्मा, ऋषि शर्मा, कृष्ण शर्मा, अमित कुमार, दिनेश, सुमित कुमार और चवानगिरी सहित अनेक श्रद्धालु एवं सदस्य उपस्थित रहे।
अखाड़े ने चेतावनी भरे स्वर में कहा कि आस्था के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यदि आवश्यक हुआ तो इसके खिलाफ व्यापक आंदोलन भी किया जाएगा।
आस्था के अपमान पर सख्त रुख: अखंड परशुराम अखाड़ा ने अश्लील झांकियों पर पूर्ण प्रतिबंध की उठाई मांग 🚩



