गुरु महिमा से गूंजा खड़खड़ी: भव्य संत समागम व विशाल भंडारे में उमड़ा आस्था का सागर 🔱

🔱 हरिद्वार। कमल शर्मा/ खड़खड़ी स्थित प्रसिद्ध श्री स्वामी शंकरपुरी आश्रम के तत्वावधान में गुरुजनों की पतित-पावन कृपा से एक भव्य संत समागम एवं विशाल संत भंडारे का दिव्य आयोजन संपन्न हुआ। यह आयोजन महामंडलेश्वर स्वामी कमलापुरी जी महाराज के पावन सानिध्य में श्रद्धा और भक्ति के वातावरण के बीच सम्पन्न हुआ।
इस पावन अवसर पर दूर-दूर से पधारे संत-महात्माओं, श्रद्धालुओं एवं भक्तजनों ने सत्संग का रसपान करते हुए गुरु महिमा का लाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम में पंचायती श्री महानिर्वाणी अखाड़े के सचिव एवं अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्री महंत रविंद्र पुरी जी महाराज ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में कहा कि गुरु ही वह दिव्य शक्ति हैं जो अज्ञान रूपी अंधकार को दूर कर जीवन में ज्ञान, भक्ति और सद्मार्ग का प्रकाश फैलाते हैं।
ऋषि गुरु महाराज अक्षरानंद जी (लाल किताब वाले) ने गुरु कृपा को जीवन का सबसे बड़ा आधार बताते हुए कहा कि गुरु के चरणों में समर्पण ही आत्मकल्याण का सच्चा मार्ग है।
इसके साथ ही महामंडलेश्वर शिव प्रेमानंद जी महाराज, महंत महामंडलेश्वर अनंत आनंद जी, साध्वी तृप्ता महाराज, महंत आदित्य पुरी जी, सुखजीत जी एवं स्वामी सुखविंदर पुरी जी ने भी अपने अमृतमय विचारों से श्रद्धालुओं को धर्म, सेवा और सदाचार की राह पर चलने का संदेश दिया।
संतों के श्रीमुख से प्रवाहित ज्ञानगंगा में डुबकी लगाकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। तत्पश्चात आयोजित विशाल संत भंडारे में सभी संत-महात्माओं एवं भक्तजनों ने प्रसाद ग्रहण किया।
पूरा आश्रम परिसर भक्ति, श्रद्धा और “गुरु महिमा” के जयघोष से गूंज उठा, जिसने इस आयोजन को दिव्यता और आस्था की नई ऊंचाइयों तक पहुंचा दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *