कमल शर्मा (हरिहर समाचार)
रुड़की। देशभक्ति, वैदिक संस्कृति और सामाजिक जागरूकता के संगम का अद्भुत दृश्य 23 मार्च 2026, सोमवार को रुड़की में देखने को मिलेगा। बलिदान दिवस के पावन अवसर पर आर्य समाज नन्द विहार, रुड़की द्वारा त्रयोदश वार्षिकोत्सव एवं आर्य समाज का 151वां स्थापना दिवस बड़े हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया जा रहा है।

यह भव्य कार्यक्रम शहीद स्मारक स्थल (ऐतिहासिक वट वृक्ष), सुनहरा रोड, रुड़की में संपन्न होगा, जहां शहीदों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए समाज को राष्ट्रभक्ति और संस्कारों का संदेश दिया जाएगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 8:00 बजे वैदिक यज्ञ से होगा, जिसमें यजमान के रूप में डॉ. दीक्षा वर्मा एवं डॉ. निशांत वर्मा सहभागी रहेंगे। इसके पश्चात अल्पाहार, ध्वजारोहण एवं वीर रस से ओत-प्रोत भजन-प्रवचन का आयोजन किया जाएगा।

ध्वजारोहण का गौरव श्री चन्द्रशेखर सुयाल (पुलिस अधीक्षक देहात) एवं श्री मणिभूषण श्रीवास्तव (प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली गंगनहर) के करकमलों से संपन्न होगा। वहीं शहीदों के जीवन पर आधारित विशेष श्रद्धांजलि कार्यक्रम दोपहर 1:30 बजे तक चलेगा।
इस अवसर पर देशभर से प्रतिष्ठित संत एवं विद्वान उपस्थित रहेंगे, जिनमें स्वामी यज्ञानन्द सरस्वती (मुंबई), डॉ. करुणा आर्या (वैदिक उपदेशक एवं वैज्ञानिक, पतंजलि अनुसंधान संस्थान), आचार्य दिव्यप्रकाश, संदीप वेदालंकार सहित कई विद्वान अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।

कार्यक्रम के मुख्य मार्गदर्शक के रूप में आचार्य बालकृष्ण (महामंत्री, पतंजलि योगपीठ) का सानिध्य प्राप्त होगा।
मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. कल्पना सैनी (सांसद राज्यसभा) तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में त्रिवेंद्र सिंह रावत (सांसद हरिद्वार एवं पूर्व मुख्यमंत्री उत्तराखंड) की गरिमामयी उपस्थिति कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. इन्दुवाला आर्या एवं श्री मानपाल सिंह राठी द्वारा की जाएगी, जबकि क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि एवं स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे।

आयोजकों ने बताया कि यह आयोजन केवल श्रद्धांजलि तक सीमित नहीं है, बल्कि नई पीढ़ी को राष्ट्रसेवा, त्याग और वैदिक जीवनशैली के प्रति प्रेरित करने का एक सशक्त माध्यम है।
अंत में सभी श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की गई है।
