प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक 01 मार्च, 2026
अपने व्यक्तित्व को अपने पूर्वजों के सांचे में ढाले- जितेन्द्र रघुवंशी
शहीद जगदीश वत्स पार्क को उसकी गरिमा के अनुरूप सजायेंगे- हरविन्दर सिंह पार्षद
हरिद्वार। स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति द्वारा संचालित ‘हर महीने प्रथम रविवार दस बजे दस मिनट स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों शहीदों के नाम’ अभियान के अन्तर्गत देश के विभिन्न प्रान्तों में आज 39 वें रविवार को ध्वजारोहण, राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान, स्मारकों, शहीद स्थलों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि समर्पित करने के साथ ही आजादी के दीवानों की जीवन गाथाएँ सुनाई गईं।
अमर शहीद जगदीश वत्स पार्क (ज्वालापुर) में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भारत भूषण विद्यालंकार तथा संगठन के नव निर्वाचित जिलाध्यक्ष डॉ० वेद प्रकाश आर्य ने ध्वजारोहण किया। इनके साथ-साथ जितेन्द्र रघुवंशी, हरित ऋषि विजयपाल बघेल, सुरेश चन्द्र सुयाल तथा वरिष्ठ उपाध्यक्ष अर्जुन सिंह राणा ने शहीद जगदीश वत्स की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा उपस्थित स्वतंत्रता सेनानी शहीद परिवारों, गणमान्य नागरिकों द्वारा पुष्पांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों शहीदों के सम्मान, उनके सपनों का भारत बनाने तथा उत्तराधिकारियों के अस्तित्व की रक्षा के लिए संघर्षरत स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति के राष्ट्रीय महासचिव जितेन्द्र रघुवंशी ने कहा कि हमें अपने व्यक्तित्व को अपने पूर्वजों की गरिमा के अनुरूप उनके सांचे में ढालने का प्रयास करना चाहिए, ताकि सरकार व जन प्रतिनिधि स्वयं सामने आकर पूछे कि हमें स्वतंत्रता सेनानी परिवारों की रक्षा के लिए क्या करना है? उन्होंने ने आगे कहा कि विभिन्न प्रान्तों में राष्ट्रीय सम्मेलन सम्पन्न कराने के लिए तिथियाँ निर्धारित करने का आग्रह निरन्तर किया जा रहा है, यह उत्साह ही देशभर के स्वतंत्रता सेनानी शहीद परिवारों को संगठित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भारत भूषण विद्यालंकार ने असम, पंजाब तथा राजस्थान में सेनानी परिवारों के हितों की रक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्री गेंदन लाल कटियार के पुत्र तथा नव नियुक्त जिलाध्यक्ष डॉ० वेद प्रकाश आर्य ने अपने पिता के स्वतंत्रता आन्दोलन में निभाई गयी भूमिका की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि उनकी उदारता से प्रभावित होकर क्रान्तिकारी सहज ही उनसे प्रभावित होकर स्वतंत्रता आन्दोलन में जुट जाते थे।
सुरेश चन्द्र सुयाल ने स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति के द्वारा देशभर के स्वतंत्रता सेनानी शहीद परिवारों को एक सूत्र में पिरोने के अभियान की प्रशंसा करते हुए कहा कि हर पदाधिकारी को सौंपे गए दायित्व को पूरा करने के लिए अपनी प्रतिष्ठा का प्रश्न बनाकर तन, मन और धन से पुरुषार्थ दिखाना चाहिए तभी पूर्ण सफलता मिलेगी। स्थानीय वार्ड पार्षद हरविन्दर ने कहा कि इस पार्क को शहीद जगदीश वत्स की गरिमा के अनुरूप विकसित करने में यथासंभव सहयोगी की भूमिका निभाऊंगा। अन्त में फूलों की होली खेली गई, गुलाब के फूलों की वर्षा करते हुए अबीर गुलाल से होली खेली गई।
इस देशभक्ति से परिपूर्ण कार्यक्रम में कैलाश वैष्णव, ललित कुमार चौहान, अरुण कुमार पाठक, अनुराग सिंह गौतम, आदित्य गहलोत, चन्द्र प्रकाश मगन, रमेश चन्द्र गुप्ता, परमेश चौधरी, सुरेन्द्र छाबड़ा, अरविन्द कौशिक, यशपाल ठाकुर, कमल छाबड़ा, डॉ० वेद प्रकाश आर्य, ऋषभ गहलौत, सुनील कुमार चौहान, नरेन्द्र कुमार वर्मा, अशोक कुमार दिवाकर, अशोक चौहान, यशवंत चौहान, राकेश चौहान, कमलेश चौहान, सत्य प्रकाश, अर्जुन सिंह राणा, आशा रघुवंशी, मंजु लता भारतीय तथा पद्मा देवी सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
