अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर अभिनेत्री उर्मिला सनावर से जांच एजेंसियों की पूछताछ हुई तेज

हरिद्वार – अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े ऑडियो सामने आने के बाद अभिनेत्री उर्मिला सनावर से जांच एजेंसियों की पूछताछ तेज हो गई है। बुधवार को देहरादून में पुलिस टीम ने उर्मिला से घंटों सवाल-जवाब किए, जिसके बाद आज उसको हरिद्वार लाकर एसआईटी प्रभारी अभय प्रताप सिंह के सामने पेश किया गया। यहां करीब छह घंटे तक चली गहन पूछताछ के दौरान मामले से जुड़े हर पहलू पर चर्चा हुई।पूछताछ के बाद मीडिया से बातचीत में उर्मिला सनावर ने कहा कि जांच टीम ने उनसे जो भी सवाल किए, उनके जवाब उन्होंने पूरी पारदर्शिता के साथ दिए हैं। उन्होंने बताया कि अंकिता भंडारी हत्याकांड से संबंधित जितनी भी जानकारी और सामग्री उनके पास थी, वह सब एसआईटी को सौंप दी गई है।

उर्मिला का कहना था कि इस मामले में उन्होंने जांच में पूरा सहयोग किया है और आगे भी करती रहेंगी। पूर्व विधायक सुरेश राठौर और भाजपा नेता दुष्यंत गौतम को लेकर उर्मिला ने तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा कि दोनों एक-दूसरे के बेहद नजदीकी हैं। उन्होंने इन्हें ‘लंगोटिया यार’ करार देते हुए कहा कि कई अहम जानकारियां इन्हीं के बीच साझा रही होंगी, जिनकी जांच एजेंसियों को गहराई से पड़ताल करनी चाहिए। इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

IMG 20260108 WA0097

अंकिता भंडारी को लेकर उर्मिला भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा कि अंकिता सिर्फ एक परिवार की बेटी नहीं थी, बल्कि पूरे देश की बेटी थी और उसे न्याय मिलना बेहद जरूरी है। उन्होंने साफ किया कि वह खुद अंकिता के परिजनों से मिलने जाएंगी और इस लड़ाई में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी रहेंगी।स्वामी दर्शन भारती के संबंध में पूछे गए सवाल पर उर्मिला ने बताया कि वह देहरादून तक उनके साथ जरूर गई थीं, लेकिन मीडिया के सामने उन्होंने क्या बयान दिया, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। फिलहाल पुलिस और एसआईटी की जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस हाई-प्रोफाइल मामले में और भी अहम खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *