समता के महानायक बाबू जगजीवन राम का 118वां जन्मोत्सव हरिद्वार में गरिमा के साथ मनाया गया:प्रियव्रत

🔥 हरिद्वार, जिला कांग्रेस कमेटी हरिद्वार के अनुसूचित जाति द्वारा ग्राम अलीपुर बहादराबाद में देश के महान स्वतंत्रता सेनानी एवं पूर्व उप प्रधानमंत्री बाबू जगजीवन राम का 118वां जन्मोत्सव “समता दिवस” के रूप में बड़े ही सम्मान और उत्साह के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष बालेश्वर सिंह एवं तीर्थपाल रवि ने बाबूजी के जीवन और योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने देश की आजादी की लड़ाई में अहम भूमिका निभाई और स्वतंत्रता संग्राम के दौरान जेल भी गए। आजादी के बाद उप प्रधानमंत्री सहित केंद्र सरकार में कई महत्वपूर्ण मंत्रालयों—रक्षा, कृषि, रेलवे एवं समाज कल्याण—का सफल नेतृत्व करते हुए उन्होंने देश और समाज के विकास में ऐतिहासिक योगदान दिया।
पूर्व ब्लाक प्रमुख बहादराबाद प्रियव्रत ने कहा कि बाबू जगजीवन राम ने विशेष रूप से शोषित और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए ठोस कदम उठाए। उन्होंने अपने कार्यकाल में इन वर्गों के लिए विशेष भर्तियां सुनिश्चित कर सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए।
उन्होंने यह भी बताया कि बाबूजी मां गंगा एवं संत रविदास के परम भक्त थे। उनके प्रयासों से बनारस और हरिद्वार में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की प्रतिमाओं की स्थापना हुई तथा श्रद्धालुओं के ठहरने हेतु धर्मशालाओं का निर्माण कराया गया, जिससे समाज के लोगों को बड़ी सुविधा मिली।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने बाबू जगजीवन राम के आदर्शों को आत्मसात करने और समाज में समता, न्याय एवं समान अधिकारों की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *