कमल शर्मा (हरिहर समाचार)
हरिद्वार। एक ओर देश के गृहमंत्री का हरिद्वार दौरा चल रहा है, वहीं दूसरी ओर यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ड्रग्स इंस्पेक्टर अनीता भारती के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने ड्रग्स इंस्पेक्टर कार्यालय पहुंचकर नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि विभाग द्वारा छोटे दवा व्यापारियों को लगातार परेशान किया जा रहा है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि ड्रग्स इंस्पेक्टर को हरिद्वार में लगभग दस वर्ष हो चुके हैं और इस दौरान छोटे दवा कारोबारियों का उत्पीड़न किया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि ईमानदारी का चोला ओढ़कर छोटे व्यापारियों को निशाना बनाया जा रहा है, जिसे कांग्रेस पार्टी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।
कांग्रेस के रानीपुर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी राजवीर चौहान ने कहा कि ड्रग्स इंस्पेक्टर द्वारा छोटे व्यापारियों का शोषण किया जा रहा है, जबकि सिडकुल क्षेत्र में कई फैक्ट्रियों में नशीली दवाओं के निर्माण की शिकायतें सामने आती रहती हैं, लेकिन उनके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती। उन्होंने कहा कि हरिद्वार में बड़ी संख्या में फार्मा कंपनियां हैं और कुछ कंपनियों द्वारा प्रतिबंधित दवाइयों के निर्माण की भी चर्चा है, ऐसे में यह जांच होनी चाहिए कि उन्हें लाइसेंस किस आधार पर दिया गया।
यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष काश खुराना ने आरोप लगाया कि ड्रग्स इंस्पेक्टर द्वारा उनके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का कार्यकर्ता झूठे मुकदमों से डरने वाला नहीं है। उनका आरोप है कि ड्रग्स इंस्पेक्टर लगातार क्षेत्र के गरीब और छोटे कारोबारियों को टारगेट कर रही हैं, जिसे कांग्रेस पार्टी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने ड्रग्स इंस्पेक्टर की संपत्ति की जांच कराने की भी मांग उठाई।
इस दौरान कांग्रेस के युवा जिला अध्यक्ष कैश खुराना, रानीपुर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी राजवीर चौहान, अमित गुप्ता, अंकुर सैनी, लक्ष्य चौहान, बनी ठाकुर, ऋषि कुमार, थाना शर्मा, मृत्युंजय पांडे, राहुल शर्मा, मयंक त्यागी, हरजीत मेहरा, विवेक और आशीष सहित बड़ी संख्या में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सूत्र:कैश खुराना, राजवीर चौहान,
