स्वामी विवेकानंद कॉलेज ऑफ एजुकेशन, रुड़की के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के 7 दिवसीय विशेष शिविर के तृतीय दिवस का हुआ आयोजन

रुड़की, आज दिनांक 26 मार्च 2026 को स्वामी विवेकानंद कॉलेज ऑफ एजुकेशन, रुड़की के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के 7 दिवसीय विशेष शिविर के तृतीय दिवस का आयोजन कार्यक्रम अधिकारी सुनील कुमार के निर्देशन में एवं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विकास कुमार की अध्यक्षता में उत्साह एवं अनुशासन के साथ संपन्न हुआ।
दिन की शुरुआत स्वयंसेवियों ने प्रातःकालीन योगाभ्यास एवं लक्ष्यगीत के साथ की, जिससे वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ। इसके पश्चात स्वयंसेवियों द्वारा मलतबपुर क्षेत्र में नशा मुक्ति विषय पर जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
शिविर के अंतर्गत एनडीआरएफ के उप निरीक्षक राजकुमार एवं उनकी टीम द्वारा आपदा प्रबंधन पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस दौरान स्वयंसेवियों को आपदा के समय बचाव कार्य, प्राथमिक उपचार एवं सतर्कता के उपायों की व्यावहारिक जानकारी दी गई।
बौद्धिक सत्र में डॉ. रविन्द्र कुमार सैनी, प्रोफेसर एवं डीन (एक्सटर्नल अफेयर्स), हरिद्वार विश्वविद्यालय, रुड़की एवं अध्यक्ष, संकल्प ट्रस्ट (एनजीओ) ने “समाज में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के बढ़ते उपयोग एवं उसके लाभ” विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने बताया कि एआई के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव संभव है, जिससे समाज के विकास को नई दिशा मिल रही है।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. विकास कुमार ने स्वयंसेवियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उन्हें समाज के प्रति जिम्मेदार बनाते हैं।
शाम के समय स्वयंसेवियों ने खेल-कूद गतिविधियों में भाग लिया तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।महाविद्यालय के समस्त स्टाफ ने शिविर के सफल आयोजन में अपना पूर्ण सहयोग प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *