🔥 हरिद्वार। आर्यनगर (गाजीवाली) क्षेत्र स्थित श्री बालाजी धाम में श्री हनुमान जी महाराज के प्रकटोत्सव एवं 12वें वार्षिकोत्सव के उपलक्ष्य में विशाल भंडारे और भव्य शोभा यात्रा का आयोजन बड़े ही श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा वातावरण “जय श्री राम” एवं “जय बजरंगबली” के जयकारों से गूंज उठा।
शोभा यात्रा में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और भक्ति भाव के साथ नगर भ्रमण किया। इस दौरान भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। कार्यक्रम में संत समाज की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को और अधिक दिव्य बना दिया।
इस अवसर पर पूज्य स्वामी प्रबोधानंद गिरि जी महाराज ने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देते हुए कहा कि
“हनुमान जी केवल शक्ति के प्रतीक नहीं, बल्कि भक्ति, सेवा और समर्पण की सर्वोच्च मिसाल हैं। ऐसे आयोजनों से समाज में धर्म और संस्कारों की ज्योति प्रज्वलित होती है।”
वहीं पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद जी महाराज का भी सानिध्य प्राप्त हुआ, जिनकी उपस्थिति से कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ गई।
कार्यक्रम के आयोजक ओम प्रकाश जमदग्नि ने बताया कि
“हर वर्ष की तरह इस बार भी प्रकटोत्सव को भव्य रूप दिया गया है। हमारा उद्देश्य समाज में धार्मिक जागरूकता बढ़ाना और लोगों को एक सूत्र में जोड़ना है।”
कार्यक्रम के अंत में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन ने क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और सामाजिक एकता का सुंदर संदेश दिया।
आर्यनगर में गूंजा जय श्री राम का जयघोष, भव्य शोभा यात्रा और संतों के सानिध्य में शुभारंभ हुआ बालाजी का प्रकटोत्सव 🔥



