ज्वालापुर-हरिद्वार प्रेस क्लब (रजि०) की नवगठित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण एवं पत्रकार सम्मान समारोह हुआ सम्पन्न

हरिद्वार में ज्वालापुर-हरिद्वार प्रेस क्लब (रजि०) कार्यकारिणी का भव्य शपथ ग्रहण एवं पत्रकार सम्मान समारोह संपन्न

हरिद्वार, ज्वालापुर स्थित सैनी आश्रम में ज्वालापुर-हरिद्वार प्रेस क्लब (रजि०) की नवगठित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण एवं पत्रकार सम्मान समारोह अत्यंत भव्य एवं गरिमामयी वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ पत्रकार एवं खानपुर विधायक उमेश कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई और अपने संबोधन में कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। पत्रकारों को समाचार लेखन के दौरान निष्पक्षता, सामाजिक जिम्मेदारी और सकारात्मक दृष्टिकोण बनाए रखना चाहिए, ताकि समाज को सही दिशा मिल सके। उन्होंने नकारात्मक खबरों से बचते हुए उत्कृष्ट कार्यों और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता देने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि के रूप में स्वामी प्रबोधानंद गिरी (श्री 1008 महामंडलेश्वर) की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि पत्रकार अपनी लेखनी के माध्यम से समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने पत्रकारों से आग्रह किया कि विकास कार्यों में आ रही समस्याओं को निष्पक्ष रूप से शासन-प्रशासन तक पहुंचाएं, ताकि समाधान की दिशा में सार्थक प्रयास हो सकें।
इस अवसर पर विधायक उमेश कुमार ने प्रेस क्लब के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबर खान, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बिक्रमजीत सिंह, राष्ट्रीय महामंत्री मोहम्मद आरिफ चौधरी, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष गुलफान अहमद, राष्ट्रीय सचिव नौशाद अली, राष्ट्रीय संगठन मंत्री अमित वर्मा, प्रचार मंत्री बिजेंद्र शीर्षवाल, राष्ट्रीय सदस्य तनवीर खान एवं राष्ट्रीय सदस्य शमीम को उनके-अपने पदों की शपथ दिलाई। सभी पदाधिकारियों ने अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी, निष्पक्षता और कर्मठता के साथ करने का संकल्प लिया।
वरिष्ठ समाजसेवी विशाल गर्ग ने प्रेस क्लब से पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा के साथ सामाजिक सरोकारों में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई। पूर्व राज्य मंत्री नईम कुरैशी ने कहा कि पत्रकारिता समाज का आईना है और इसकी निष्पक्षता ही इसकी सबसे बड़ी ताकत है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रेस क्लब संरक्षक वरिष्ठ पत्रकार ज्ञान प्रकाश पांडे ने की, जबकि संचालन विश्वास सक्सेना द्वारा किया गया। समारोह में शहर के गणमान्य नागरिकों, पत्रकारों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
इस अवसर पर गुरु नानक देव धर्म प्रचारक समिति के अध्यक्ष सुभाष सूबा सिंह ढिल्लों, वरिष्ठ समाज सेविका किरण सिंह, वरिष्ठ समाजसेवी जगदीश लाल पाहवा, आकाश ठाकुर, उमर खान, फैजान अंसारी, सकूने नज़र, नासिर खान, वरिष्ठ पत्रकार आफताब खान, प्रीतम सिंह, पत्रकार खुशबू, प्रीति अग्रवाल, प्रभा सिंह, मेहरबान मलिक, राजेश बहुगुणा, अनिल बिष्ट तथा अखिल भारतीय सफाई मजदूर गरीब उत्थान यूनियन के हरिद्वार जिलाध्यक्ष नवाज अब्बासी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।
समारोह का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। आयोजन ने प्रेस क्लब की एकजुटता, सक्रियता और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में मजबूत संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *