कमल शर्मा (हरिहर समाचार)
रुड़की/हरिद्वार, 07 मार्च 2026।
फायर स्टेशन रुड़की द्वारा जनपद हरिद्वार में जनजागरण अभियान के तहत लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। उच्च अधिकारियों के आदेश एवं निर्देशों के अनुपालन में अग्निशमन अधिकारी रुड़की के निर्देशन में फायर टीम ने विभिन्न स्कूलों में पहुंचकर विद्यार्थियों और स्टाफ को अग्नि सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान टीम ने प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों के सही प्रयोग की विधि के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही एलपीजी सिलेंडर में लिकेज होने पर आग लगने की संभावनाओं को कैसे रोका जा सकता है, इसके बारे में भी छात्रों और शिक्षकों को व्यवहारिक जानकारी दी गई।
अग्निशमन विभाग की टीम ने आपातकालीन सेवा नंबर 112 के महत्व को भी समझाते हुए बताया कि किसी भी अग्नि दुर्घटना या आपात स्थिति में तुरंत इस नंबर पर संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।
इस अवसर पर अग्निशमन विभाग द्वारा यह भी अपील की गई कि सभी संस्थानों में अग्निशमन उपकरणों को हमेशा उच्च गुणवत्ता एवं कार्यशील अवस्था में रखा जाए तथा समय-समय पर मॉक ड्रिल और अभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहें, ताकि आपात स्थिति में जान-माल की हानि को कम किया जा सके।
— अग्निशमन अधिकारी, फायर स्टेशन रुड़की
जनपद हरिद्वार
।
रुड़की फायर स्टेशन का जनजागरण अभियान: स्कूलों में छात्रों को सिखाई अग्नि सुरक्षा और एलपीजी दुर्घटनाओं से बचाव की जानकारी
