कमल शर्मा (हरिहर समाचार)
हरिद्वार। पहली पहल एजुकेशनल सोसाइटी द्वारा 14 मार्च को महिला सशक्तिकरण और महिला सम्मान विषय पर एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाली महिलाओं को प्रोत्साहित करना और उन्हें सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों को समाज के सामने लाना था।

कार्यक्रम में संस्था के संयोजक डी.पी. सिंह ने संस्था की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि पहली पहल एजुकेशनल सोसाइटी शिक्षा, समाजसेवा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है तथा समाज में सकारात्मक पहल करने के लिए प्रयासरत है।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 51 महिलाओं को सम्मानित किया गया। इनमें चिकित्सा, वकालत, शिक्षा, समाजसेवा, पत्रकारिता और गृहणी जैसे क्षेत्रों से जुड़ी महिलाएं शामिल थीं। खासतौर पर उन महिलाओं को सम्मानित किया गया जो अपने परिवार की जिम्मेदारियों के साथ-साथ समाज के लिए भी प्रेरणादायक कार्य कर रही हैं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 स्वामी रूपेंद्र प्रकाश शास्त्री जी महाराज उपस्थित रहे। इसके अलावा वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. विशाल गर्ग, हरिद्वार की मेयर किरण जैसल, डॉ. कुमुद माथुर, डॉ. श्वेता जायसवाल, डॉ. संतोष चौहान और डॉ. सलोनी बस्सी मेनन सहित कई गणमान्य लोग कार्यक्रम में मौजूद रहे।

मुख्य अतिथियों द्वारा सभी 51 नारी शक्तियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान संस्था के संयोजक डी.पी. सिंह ने महाराज श्री और डॉ. विशाल गर्ग को सम्मानित किया, जबकि हरिद्वार की मेयर किरण जैसल का सम्मान संस्था की संस्थापिका श्रीमती नीतू सिंह (समाजसेवी) द्वारा किया गया।
इस अवसर पर बोलते हुए हरिहर समाचार की प्रधान संपादक कमल शर्मा को उनके उत्कृष्ट कार्यो के लिए सम्मानित किया गया इस पर बोलते हुए कमल शर्मा ने कहा कि“पहली पहल” का यह आयोजन महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सार्थक कदम साबित होगा l
कार्यक्रम के सफल संचालन में संस्था के सदस्यों आस्था जी, विदिशा सिंह, प्रवीन अरोड़ा और योगिता जी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के अंत में वक्ताओं ने कहा कि समाज में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और ऐसी प्रेरणादायक महिलाओं का सम्मान करना समाज को नई दिशा देने का कार्य करता है।
