कमल शर्मा (हरिहर समाचार)
आठ दिन में गन्ने का भुगतान, फसल उत्पादन के लिए हर जरूरत पर सब्सिडी: स्वामी यतीश्वरानंद
— प्रदेश किसान मोर्चा की ओर से आभार जनसभा में बताई केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाएं
पथरी। किसान मोर्चा की ओर से आभार जनसभा में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की ओर से किसानों की खुशहाली के लिए तमाम योजनाएं संचालित कराते हुए उन्हें धरातल पर उतारने का काम किया गया है। आज गन्ने का भुगतान 405 रुपये प्रति क्विंटल करके और एक सप्ताह के अंदर भुगतान कराकर किसानों को समस्यामुक्त करने का काम किया है।

शनिवार को फेरुपुर में प्रदेश उपाध्यक्ष किसान मोर्चा भाजपा जगपाल सैनी द्वारा आयोजित किसान मोर्चा आभार सभा में बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने केंद्र और राज्य की धामी सरकार द्वारा किसानों के हित में किए गए कार्यों एवं योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में गन्ने का भाव 405 रुपये प्रति क्विंटल, केंद्र ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से साल में 6000 रुपये देकर, कीटनाशकों एवं उर्वरक, बीजों के साथ उपकरणों पर सब्सिडी देकर किसानों को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को स्वामित्व योजना के तहत घर की भूमि का अधिकार दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा का किसान मोर्चा संगठन किसानों के हित में खड़ा है।
प्रदेश अध्यक्ष किसान मोर्चा महेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों में किसानों को गन्ना मूल्य तो दूर उसका भुगतान तक समय पर नहीं दिया जाता था। लेकिन अब गन्ना डालते ही आठ दिन के बाद भुगतान बैंक खाते में आ जाता है। प्रदेश उपाध्यक्ष किसान मोर्चा भाजपा जगपाल सैनी ने प्रदेश नेतृत्व का आभार जताते हुए सभा में पहुंचे सभी किसानों एवं पदाधिकारियों का धन्यवाद किया।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश गिरी, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, राज्यमंत्री डॉक्टर जयपाल चौहान, सुनील सैनी, मोर्चा के प्रदेश सह संयोजक सचिन गुर्जर, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष जसवीर बसेड़ा, रुड़की जिलाध्यक्ष सुदेश चौधरी, चेयरमैन पंकज सैनी, अनिरूद्ध भाटी, दीपक गर्ग, श्याम सुंदर चौहान, धनंजय सैनी, मनोज कश्यप के साथ बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, वरिष्ठ पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
