🩺 हरिद्वार, कमल शर्मा/2 अप्रैल 2026 (बृहस्पतिवार)।
भगवान श्री हनुमान जी के पावन प्रकटोत्सव के अवसर पर होप सुपरस्पेशलिटी एवं कैंसर हॉस्पिटल द्वारा श्री अवधूत मण्डल आश्रम, बाबा हीरादास, हनुमान मंदिर, सिंहद्वार में एक भव्य निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श का लाभ उठाया।
शिविर का शुभारंभ महामण्डलेश्वर 1008 डॉ. स्वामी संतोषानन्ददेव जी के सान्निध्य में हुआ। इस अवसर पर उन्होंने सेवा कार्य को ही सच्ची भक्ति बताते हुए आयोजकों की सराहना की।

शिविर का संचालन कर रहे होप सुपरस्पेशलिटी एवं कैंसर हॉस्पिटल के संचालक डा. एस. के. मिश्रा (MBBS, MS) ने बताया कि—
“हमारा उद्देश्य है कि समाज के हर वर्ग तक आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचे। विशेष रूप से कैंसर जैसे जटिल रोगों का समय पर निदान और उपचार बेहद आवश्यक है। इस प्रकार के शिविरों के माध्यम से हम जरूरतमंदों को निःशुल्क जांच और सही मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं।”

वहीं, शिविर में उपस्थित डॉ. दीपांशु ने कहा—
“आज के समय में लोगों में जागरूकता की कमी के कारण कई गंभीर बीमारियां देर से सामने आती हैं।
ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर न केवल जांच का माध्यम हैं, बल्कि लोगों को समय रहते सचेत करने का भी महत्वपूर्ण प्रयास हैं। हम सभी को नियमित स्वास्थ्य जांच करानी चाहिए।”

उन्होंने आगे कहा कि समय पर जांच और सही उपचार से कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों को भी नियंत्रित किया जा सकता है।
शिविर में मरीजों को निम्न सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं—
रेडियोथेरेपी
कीमोथेरेपी
एंडोस्कोपी
सीटी स्कैन
कैंसर सर्जरी
इम्युनोथेरेपी
लेप्रोस्कोपिक सर्जरी
इस दौरान डॉ. सुमीत अंथवाल (MBBS) सहित चिकित्सा टीम ने मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया। साथ ही लैब टेक्नीशियन अंजू, एएनएम, एचआर हेमा जगी, फार्मेसी स्टाफ विशाल एवं सुखप्रीत, एनआरएच स्टाफ हंसा, मनिका, शुभम सहित अन्य सहयोगी स्टाफ ने शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

श्रद्धालुओं और मरीजों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के निःशुल्क शिविर समाज के लिए अत्यंत उपयोगी हैं और जरूरतमंदों के लिए वरदान साबित हो रहे हैं।



