हरिद्वार। उत्तराखंड में महाशिवरात्रि पर हर-हर महादेव के जयघोष के साथ भगवान आशुतोष का हजारों श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। तड़के से ही शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी लाइन लगी है। भोले के भक्तों ने शिवलिंग पर पंचामृत, गंगाजल, सफेद फूल, बेलपत्र, आखा फूल, कमल गंट्टा आदि से पूजन किया।
प्रदेशभर के शिवालयों व मंदिरों में जलाभिषेक के लिए भक्त की भीड़ उमड़ी है। महाशिवरात्रि के मौके पर सभी शिवालयों को भव्य तरीके से सजाया गया है। शिवालयों में सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

इस अवसर पर बोलते हुए मंदिर के महंत स्वामी हरिदास जी महाराज ने कहा कि आज महाशिवरात्रि पर बहुत वर्षों बाद कई शुभ योग एक साथ बन रहे हैं। इस दिन कुंभ राशि में बुधादित्य, शुक्रादित्य, लक्ष्मी नारायण और चतुर्ग्रही योग के साथ सर्वार्थ सिद्धि, प्रीति, ध्रुव व व्यतिपात योग भी रहेंगे। यह दिन ग्रह-नक्षत्रों की चाल के लिहाज से भी खास रहेगा।

मंदिर परिसरों एवं आसपास के क्षेत्रों में पयप्ति पुलिस बल तैनात किया गया है। श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से जलाभिषेक एवं दर्शन कराने के साथ-साथ भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण तथा संवेदनशील स्थानों पर सतत निगरानी सुनिश्चित की जा रही है।

पुलिस बल द्वारा दर्शन उपरांत श्रद्धालुओं को सुरक्षित रूप से उनके गंतव्य की ओर रवाना किया जा रहा है। साथ ही, लाउडस्पीकर के माध्यम से आवश्यक दिशा-निर्देश प्रसारित कर आमजन से सहयोग की अपील की जा रही है।
हरिद्वार पुलिस श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम यातायात व्यवस्था के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
