हेलोनिक्स टेक्नोलॉजी लिमिटेड के सहयोग से स्कूल विकास कार्यों का लोकार्पण
आदर्श युवा समिति हरिद्वार द्वारा हेलोनिक्स टेक्नोलॉजी लिमिटेड के सामाजिक उत्तरदायित्व के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय सराय में किए गए स्कूल इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कार्यों के लोकार्पण हेतु एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस परियोजना के अंतर्गत विद्यालय परिसर में कक्षा कक्षों का सौंदर्यीकरण बाल-अनुकूल पेंटिंग कक्षा कक्षों के फर्श पर कोटा स्टोन लगाना शौचालयों में रंग-रोगन तथा विद्यालय के मुख्य गेट का सुदृढ़ीकरण जैसे महत्वपूर्ण विकास कार्य किए गए। इन कार्यों का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं प्रेरणादायक शैक्षणिक वातावरण प्रदान करना है जिससे उनकी सीखने की गुणवत्ता और आत्मविश्वास में वृद्धि हो सके।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री जितेंद्र दास (सीएसआर एवं एचआर मैनेजर, हेलोनिक्स टेक्नोलॉजी लिमिटेड) ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिक्षा में निवेश किसी भी समाज के उज्ज्वल भविष्य की नींव होता है। हेलोनिक्स टेक्नोलॉजी लिमिटेड का प्रयास है कि सीएसआर के माध्यम से सरकारी विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं को सशक्त किया जाए। आदर्श युवा समिति द्वारा जमीनी स्तर पर किए जा रहे कार्य सामाजिक परिवर्तन की दिशा में एक सशक्त पहल हैं।’
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि श्री सुशील शर्मा (सीनियर मैनेजर प्रोडक्शन, हेलोनिक्स टेक्नोलॉजी लिमिटेड) ने कहा कि बेहतर अधोसंरचना बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। जब बच्चों को स्वच्छ और सुंदर वातावरण मिलता है तो उनका सीखने के प्रति रुझान भी बढ़ता है।
हेलोनिक्स टेक्नोलॉजी लिमिटेड से श्री मनीष कंबोज ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिक्षा एक सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र की नींव होती है। विद्यालय केवल ईंट और सीमेंट से बनी इमारतें नहीं होते, बल्कि वे ज्ञान के ऐसे मंदिर होते हैं जहाँ युवा मस्तिष्क आकार लेते हैं, सपनों को दिशा मिलती है और राष्ट्र का भविष्य गढ़ा जाता है।
आदर्श युवा समिति के अध्यक्ष श्री लखबीर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आदर्श युवा समिति शिक्षा कौशल विकास और सामाजिक जागरूकता के माध्यम से अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक सकारात्मक बदलाव पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हेलोनिक्स टेक्नोलॉजी लिमिटेड के सहयोग से किया गया यह विद्यालय विकास कार्य बच्चों के शैक्षणिक स्तर और आत्मसम्मान को नई दिशा देगा।
कार्यक्रम का संचालन आदर्श युवा समिति के एडमिन मैनेजर श्री नितिन बडोनी द्वारा किया गया। इस अवसर पर हेलोनिक्स टेक्नोलॉजी लिमिटेड की ओर से रुचि चैरसिया, एवं शोभित मिश्रा विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री उदयभान यादव, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं, स्थानीय जनप्रतिनिधि समुदाय के लोग तथा आदर्श युवा समिति के इंजीनियर अंगरेज सिंह, राहुल कुमार, विजया तिवाड़ी, सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
