हरिद्वार, कमल शर्मा/गोविंदपुरी स्थित एसएम जैन डिग्री कॉलेज में प्रातः स्मरणीय गुरु भगवान महंत रवींद्र पुरी जी महाराज के पतित-पावन सानिध्य में होली के पावन अवसर पर फूलों की होली बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में आध्यात्म, संस्कृति और उत्सव का अद्भुत संगम देखने को मिला।
इस अवसर पर अपने आशीर्वचनों में महंत रवींद्र पुरी जी महाराज ने कहा कि “सीखने, पढ़ने और जानने की कोई उम्र नहीं होती। मनुष्य किसी भी आयु में अच्छी शिक्षा और श्रेष्ठ विचारों को आत्मसात कर सकता है। जब किसी अच्छे कार्य से आत्मिक संतोष की अनुभूति होती है, वही क्षण हमारे लिए उत्सव बन जाता है।” उन्होंने कहा कि भारत की इस पावन धरती पर कदम-कदम पर आध्यात्मिक गंगा प्रवाहित होती है, ज्ञान की वर्षा होती है और तपस्वी संतों के दर्शन से मानव जीवन सार्थक होता है। मठ, मंदिर, आश्रम और अखाड़े सनातन संस्कृति का शंखनाद करते हुए संपूर्ण सृष्टि में इसकी गौरवशाली परंपरा को प्रवाहित कर रहे हैं। सनातन संस्कृति विश्व की सबसे प्राचीन और महान संस्कृति है।

जिला प्रेस क्लब अध्यक्ष श्री राकेश वालिया ने सुंदर गीत प्रस्तुत कर सभी का मन प्रफुल्लित कर दिया। वरिष्ठ पत्रकार श्री रजनीकांत शुक्ला ने कहा कि भारत भूमि पर सर्वप्रथम भगवान विष्णु के परम भक्त प्रह्लाद की अटूट भक्ति के कारण होली का पर्व प्रचलित हुआ। हिरण्यकश्यप के आदेश पर होलिका भक्त प्रह्लाद को अग्नि में लेकर बैठी, किंतु सत्य और आस्था की विजय हुई—होलिका भस्म हो गई और भक्त प्रह्लाद सुरक्षित रहे। यही ईश्वर में आस्था का प्रतिफल है।
हरिद्वार की इस पावन धरा पर महंत रवींद्र पुरी जी महाराज की कृपा बिना भेदभाव सभी पर समान रूप से बनी रहती है। कोरोना काल में महाराज जी ने उत्तराखंड के दूरस्थ और दुर्गम गांवों तक राशन एवं आर्थिक सहायता पहुंचाई। देश के विभिन्न प्रदेशों में भी जरूरतमंदों को करोड़ों रुपये की सहायता प्रदान की गई। कांवड़ मेला और चारधाम यात्रा जैसे अवसरों पर भी तीर्थयात्रियों और स्थानीय नागरिकों के लिए उनका सहयोग सदैव स्मरणीय रहेगा।
कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि गुरु का मार्गदर्शन जीवन को दिशा देता है और शिक्षा मनुष्य के व्यक्तित्व का कायाकल्प कर देती है। महंत रवींद्र पुरी जी महाराज द्वारा समाजहित में किए जा रहे कार्य सूर्य के समान प्रकाशित हैं, जिन्हें किसी परिचय की आवश्यकता नहीं।
पूर्व प्रेस क्लब अध्यक्ष श्री संजय आर्य ने कहा कि कर्तव्य के प्रति समर्पण और गुरुजनों के प्रति श्रद्धा भाव ही मानव जीवन को कल्याण की ओर अग्रसर करता है।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट संबोधन के लिए ठाकुर मनोज मनोजानंद को सम्मानित किया गया। श्रीमती कमल शर्मा को प्रेरणादायी पंक्तियों के लिए, श्रीमती पूजा शर्मा को सुंदर भजन प्रस्तुति के लिए तथा श्री हरि गौतम ‘फक्कड़’ को मधुर गीत प्रस्तुति के लिए सम्मानित किया गया।
इस भव्य होली मिलन समारोह में सैकड़ों विशिष्ट जन, गणमान्य नागरिक एवं पत्रकार बंधु उपस्थित रहे। फूलों की सुगंध, भक्ति गीतों की मधुर ध्वनि और आध्यात्मिक वातावरण ने पूरे परिसर को भक्तिरस और उल्लास से सराबोर कर दिया।
