हरिद्वार, 19 जुलाई। आज “अतिथि देवो भव:” को चरितार्थ करते हुए अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने गुजरात के रघुनाथ पुरी मठ के पीठाधीश्वर महंत कुर्सी पुरी महाराज का मां मनसा देवी की चुनरी एवं प्रतिमा भेंट कर स्वागत किया। चरण पादुका मंदिर में आयोजित कांवड़ सेवा शिविर के दौरान महंत कुर्सी पुरी महाराज का स्वागत करते हुए अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि निर्मल जल के समान जीवन व्यतीत करने वाले संत का अपना कुछ नहीं होता है।

संत जो कुछ अर्जित करते हैं, उसे समाज की सेवा में ही अर्पित कर देते हैं। उन्होंने कहा कि समाज में धर्म और अध्यात्म का प्रचार प्रसार करने के साथ महंत कुर्सी पुरी महाराज समाज की सेवा में भी अहम योगदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म ने हमेशा ही विश्व का मार्गदर्शन किया है। सनातन धर्म की गौरवशाली परंपरांओं से प्रभावित होकर पूरी दुनिया सनातन धर्म को अपना रही है। संत महापुरूषों के मार्गदर्शन में भारत जल्द ही विश्व गुरू की पदवी पर आसीन होकर दुनिया का नेतृत्व करेगा।

महंत कुर्सी पुरी महाराज ने कहा कि अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज संत समाज को एकजुट कर सनातन धर्म परंपरांओं को आगे बढ़ाने के साथ शैक्षणिक संस्थाओं का संचलन करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में भी योगदान दे रहे हैं। इस अवसर पर बोलते हुए स्वामी रामरतन गिरी महाराज ने कहा कि इस समय हरिद्वार में कांवड़ मेला चल रहा है। लाखों करोड़ों शिवभक्त गंगाजल लेने हरिद्वार पहुंच रहे हैं। श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज शिवभक्तों की सेवा करने के साथ कांवड़ मेला संपन्न कराने में जुटे पुलिस प्रशासन का भी सहयोग कर रहे हैं। शिवभक्तों के लिए निंरंतर भंडारे का संचालन करने के साथ श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज द्वारा प्रशासन को 25 लाख का चेक भेंट किया गया है। इस अवसर पर महंत शुभम् गिरी, प्रमुख महंत प्रकाश गिरी महाराज गुजरात से आए सरपंच हीरा भाई एवं समस्त भक्तगण उपस्थित थे l
