🔥 हरिद्वार, कमल शर्मा/13 अप्रैल 2026।
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) द्वारा आज हरिद्वार में एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया, जिसमें संगठन विस्तार, महिला सशक्तिकरण और प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।

कार्यक्रम में नव नियुक्त महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती नीतू सिंह ने राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ पार्टी की जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की महिलाओं को संगठित कर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत महिलाओं को उनके स्वास्थ्य और अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

नीतू सिंह ने प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ती हिंसक घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण और अधिकार सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता होगी। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार की महिला कल्याण योजनाओं को हर जरूरतमंद तक पहुंचाया जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह ठाकुर ने नीतू सिंह की नियुक्ति को पार्टी के लिए नई ऊर्जा बताया और विश्वास जताया कि वह अपने दायित्वों पर पूरी तरह खरा उतरेंगी। उन्होंने प्रदेश में बाहरी तत्वों द्वारा बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए उत्तराखंड पुलिस के अभियान का समर्थन किया।

उन्होंने प्रदेश की प्रमुख समस्याओं को उजागर करते हुए कहा कि बेरोजगारी और पहाड़ों से लगातार हो रहा पलायन युवाओं में असंतोष पैदा कर रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं अभी भी संतोषजनक नहीं हैं, जबकि रसोई गैस की किल्लत और कालाबाजारी से आम जनता परेशान है।

उन्होंने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) “सबका साथ, सबका विकास” के संकल्प के साथ प्रदेश में तेजी से संगठन का विस्तार कर रही है और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में अपने प्रत्याशी उतारने की तैयारी कर रही है

कार्यक्रम का संचालन नमन जैन और आस्था बघेल द्वारा किया गया। इस मौके पर रागिनी गुप्ता (उपाध्यक्ष), मनोज, प्रदेश सचिव विनेश कुमार, प्रदेश महासचिव संजय कुमार सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अंत में पार्टी नेताओं ने कहा कि वे जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाते रहेंगे और प्रदेश के विकास व जनसमस्याओं के समाधान के लिए निरंतर संघर्ष करते रहेंगे।



